एग्जिट पोल पर बोले दिल्ली भाजपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, 'आप-दा' जा रही है और भाजपा आ रही है
Feb 5, 2025, 20:46 IST

आज शाम को मतदान सम्पन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल के सर्वेक्षण नतीजे के बाद सचदेवा ने कहा कि ठंडी हवाओं के चलते जो मतदान सुबह सुस्त लग रहा था उसने 11 बजे धूप चढ़ते ही रफ्तार पकड़ी। देर शाम तक लाइनों में लगे मतदाताओं की आंखों में शासन व्यवस्था परिवर्तन की आस अभिलाषा साफ दिख रही थी।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में आज केन्द्रीय मंत्रियों, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष, सांसदों, पदाधिकारियों ने स्वयं सुबह मतदान किया और कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया। उसका नतीजा यह है कि शाम को सम्पन्न हुए मतदान का ट्रेंड और आंकड़े दोनों मिलकर बता रहे हैं कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ दिल्ली विधानसभा का चुनाव जीत रही है।
सचदेवा ने कहा कि पूरा चुनाव ही क्या कल रात तक अरविंद केजरीवाल एवं उनकी पूरी आम आदमी पार्टी दिल्ली में तनाव फैला कर मतदान को हल्का रखने का प्रयास करती रही लेकिन दिल्ली पुलिस एवं चुनाव आयोग अधिकारियों की सतर्कता के चलते मतदान संतोषजनक रहा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पूरा चुनाव प्रचार नकारात्मक रूप में चलाया वैसे ही आज मतदान के दिन भी अलग अलग क्षेत्रों में नकारात्मकता फैला कर मतदान प्रक्रिया को प्रदूषित करने का प्रयास किया। सचदेवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने ओखला, सीलमपुर, ब्रहमपुरी जैसी जगहों पर मतदाताओं को उकसाने का प्रयास किया परन्तु सफल नहीं हो सके।
Wed,20 Nov 2024
द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बंद
Tue,19 Nov 2024
लोहरदगा में गन्ना लदे ट्रक ने युवक को रौंदा, मौत
Tue,16 Jul 2024