राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित अनेक नेताओं ने फिल्म अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर शोक जताया
Apr 4, 2025, 13:34 IST

राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महान अभिनेता और फिल्मकार मनोज कुमार के निधन से दुखी हूं। उन्होंने भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी है। अपने लंबे और प्रतिष्ठित करियर के दौरान वे अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते थे, जो भारत के योगदान और मूल्यों पर गर्व की भावना को बढ़ावा देती थीं। उन्होंने राष्ट्रीय नायकों, किसानों और सैनिकों के जिन प्रतिष्ठित चरित्रों को जीवंत किया, वे हमारी सामूहिक स्मृति में अंकित रहेंगे। उनका सिनेमा राष्ट्रीय गौरव को जगाएगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।
उपराष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में एक्स पर कहा कि पद्मश्री और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित और भारतीय सिनेमा के महान व्यक्तित्व मनोज कुमार के निधन से दुखी हूं। अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए प्रसिद्ध, उन्होंने लोकप्रिय संस्कृति में राष्ट्रवाद की भावना का संचार किया और भारत के सांस्कृतिक ताने-बाने पर अमिट छाप छोड़ी। उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “महान अभिनेता और फिल्मकार श्री मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें ख़ास तौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फ़िल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया और वे पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रतिष्ठित अभिनेता मनोज कुमार के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा से भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और लोगों में देशभक्ति की भावना जगाकर उनके मन पर अमिट छाप छोड़ी। वे अपनी अमर विरासत में जीवित रहेंगे और फिल्म निर्माताओं की नई पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और लाखों प्रशंसकों के साथ हैं।
Wed,20 Nov 2024
द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बंद
Tue,19 Nov 2024
लोहरदगा में गन्ना लदे ट्रक ने युवक को रौंदा, मौत
Tue,16 Jul 2024