Pal Pal India

डेढ़ महीने में 2 लाख पदाधिकारी बनाएंगे; कोई ताकत हराने वाली नहीं: केजरीवाल

भिवानी में सर्कल प्रभारियों के शपथ ग्रहण में पहुंचे दिल्ली सीएम 
 
डेढ़ महीने में 2 लाख पदाधिकारी बनाएंगे; कोई ताकत हराने वाली नहीं: केजरीवाल 

भिवानी, 03 सितंबर। भिवानी में रविवार को आयोजित सर्कल प्रभारियों के शपथ ग्रहण समारोहमें आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहुंचे। शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम अनाज मंडी में हुआ। बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

दिल्ली सीएम ने कहा कि सरकार से तंग लोग अब हरियाणा में बदलाव चाहते हैं। प्रदेश में हर बूथ पर 10-10 लोगों की कमेटी बनेगी। पूरे प्रदेश में आम आदमी पार्टी के 2 लाख पदाधिकारी 15 अक्टूबर तक बनेंगे। जिसके पास इतना बड़ा संगठन होगा, उसे दुनिया की कोई ताकत नहीं हरा पाएगी। ये ठीक राजनीति करते तो हमें राजनीति में आने की जरूरत नहीं पड़ती। मैंने अन्ना को कहा था कि राजनीति में गंदगी है तो हमें झाड़ू उठानी होगी। भाजपा का सफाया देश में एक दिन आम आदमी पार्टी ही करेगी।
हरियाणा में केवल बिल, बिजली नहीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सतेंद्र जैन व मनीष सिसोदिया भाजपा में शामिल हो जाएं तो इनकी जेल माफ हो जाएगी, लेकिन वे शेर हैं, ऐसा नहीं करेंगे। संगठन में गुटबाजी नहीं करनी, गुटबाजी से बड़ी बड़ी पार्टी खत्म हो गई। देश में सबसे ज्यादा महंगी बिजली हरियाणा में है। सीएम और मंत्रियों की बिजली मुफ्त है और जनता को बिल भरना पड़ता है। यहां मात्र बिल आते हैं, बिजली नहीं आती।

मैं हैरान हूं, हरियाणा में किसानों को बिल भरने पड़ते हैं। 24 घंटे बिजली मुफ्त हो सकती है, लेकिन इनकी नीयत ठीक नहीं है। हरियाणा के एक-एक घर जाकर चाय या दूध पीकर आएं। उन्हें बताएं केजरीवाल हरियाणा का ही छोरा है। उसने दिल्ली बदल दी, हरियाणा भी बदल देगा। हमने दिल्ली पंजाब में काम न किया हो तो वोट मत देना, ऐसा मनोहर लाल खट्टर नहीं कह सकते।
मान बोले-भाजपा वाले इसे रैली न समझें, ये वर्कर मीटिंग
पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि भाजपा वाले इसे रैली न समझें, यह तो वर्कर्स की मीटिंग है। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया है। दोनों राज्यों में बिना बिल के 24 घंटे बिजली आती है। भाजपा की नीयत अच्छी नहीं, ये देश को लूटकर खा गए। इनकी फैक्ट्री अब 24 घंटे झोले बनाने का काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 लाख और काले धन पर कटाक्ष करते हुए कहा- हर बात जुमला, अब तो चाय बनाने पर भी शक है कि चाय बनानी आती है या नहीं।

मान ने कहा कि हर संस्था बेची जा रही है। सब एक दोस्त को बेच रहे हैं। ये अहंकार में हैं, जनता सब जानती है। जनता ने बड़े बड़ों का अहंकार तोड़ा है। दिल्ली के स्कूलों में अच्छा काम हुआ तो मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। ये ऐसे फैसले करके उनकी पार्टी को रोकना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी एक दरिया है, दरिया अपना रास्ता खुद बनाता है। झाड़ू का बटन दबाते ही किस्मत बदलेगी। चुनाव कोई कुंभ का मेला नहीं है, अच्छे न लगें तो हमें भी फेंक देना।

हमारा संकल्प शानदार स्कूल

भिवानी आने से पहले ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा- बीजेपी का संकल्प - हर जिले में शानदार फाइव स्टार बीजेपी दफ्तर। हमारा संकल्प- देश के हर गांव, हर मोहल्ले में शानदार स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक खोलेंगे।

मुख्यमंत्री को भी घेरा
केजरीवाल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी घेरा। केजरीवाल ने लिखा- खट्टर साहब। हम दिल्ली में फ्री और वल्र्ड क्लास शिक्षा देते हैं, विश्वस्तरीय इलाज देते हैं। नि:शुल्क 24 घंटे बिजली देते हैं, पानी देते हैं। पंजाब में भी हमने ये सब काम शुरू किए हैं और जनता सुविधाओं से बहुत खुश है। जल्द ही हरियाणा के लोगों को भी इसका लाभ पहुंचेगा।