Pal Pal India

प्रदेश भाजपा ने किया अब तक का मेगा चुनाव अभियान

लाभार्थियों से डोर-टू-डोर लेंगे फीडबैक; सीएम व कैबिनेट होगी साथ 
 
प्रदेश भाजपा ने किया अब तक का मेगा चुनाव अभियान  

चंडीगढ़, 29 अगस्त। देश के आम लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा भाजपा ने अब तक का मेगा चुनाव अभियान तैयार किया है। इसका आगाज सितंबर से किया जाएगा। अभियान के माध्यम से भाजपा 4500 शक्ति केंद्रों पर फोकस करेगी। इसमें पन्ना प्रमुख, मंडल, जिला व प्रदेश के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। वे डोर टू डोर जाकर केंद्र सरकार की 9 साल की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर जानकारी लेंगे। अभियान की सबसे अहम बात यह होगी कि इसमें सीएम मनोहर लाल पूरी काबीना  के साथ शरीक होंगे।
लगातार मैदान में बहाएंगे पसीना
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ की ओर से दावा किया जा रहा है कि यह चुनाव अभियान प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा अभियान है। एक सप्ताह के अभियान में एक दिन ट्रेनिंग होगी और बाकी 6 दिन सभी फील्ड में रहेंगे। जनता को मोदी सरकार की नीतियों के बारे में बताया जाएगा।

कार्यकर्ताओं को दिए विशेष दिशा निर्देश
लोकसभा के आम चुनाव 2024 को जीतने के लिए भाजपा इस मेगा प्लॉन के माध्यम से संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विस्तार देने के लिए माइक्रो स्तर पर प्लान तैयार कर रही है। धनखड़ ने बताया कि अल्पकालीन विस्तारक पार्टी कार्य व संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विस्तारक योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के बाद जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। 

लोकसभा स्तर पर होगा शेड्यूल
प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की ओर से इस योजना के लिए पूरा शेड्यूल तैयार किया गया है। इसके तहत पार्टी के हजारों कार्यकर्ता विस्तारक के रूप में बूथ पर होंगे। इसी क्रम में 9-10 सितंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत व रोहतक लोकसभा का प्रशिक्षण शिविर होगा। ऐसे ही 10 व 11 सितबर को फरीदाबाद, गुरुग्राम, भिवानी, हिसार और सिरसा लोकसभा का प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा जिसमें कार्यकर्ताओं को तमाम किस्म की जानकारियां दी जाएंगी।