Pal Pal India

'मोआना' के जरिए प्रेरणा बांटेंगी कैथरीन लागाइया

 
'मोआना' के जरिए प्रेरणा बांटेंगी कैथरीन लागाइया

डिज़्नी की बहुप्रतीक्षित लाइव-एक्शन फिल्म 'मोआना' 10 जुलाई को अंग्रेज़ी और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म में मोआना की भूमिका निभा रहीं 19 वर्षीय अभिनेत्री कैथरीन लागाइया ने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि इस फिल्म ने उन्हें न सिर्फ एक बेहतर कलाकार बनाया, बल्कि खुद पर भरोसा करना भी सिखाया। उन्होंने कहा कि मोआना की तरह उन्होंने भी डर पर जीत हासिल कर हर नए अवसर को अपनाना सीखा। कैथरीन ने बताया कि फिल्म में दादी ताला द्वारा मोआना को दिया गया संदेश, 'रीफ से आगे बढ़ने' उनके जीवन का भी अहम सबक बन गया। उनके अनुसार कई बार जीवन हमें ऐसे अवसर देता है, जिनसे हम घबराते हैं, लेकिन वही मौके हमें हमारी असली मंजिल तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह काफी घबराई हुई थीं, लेकिन इस यात्रा ने उन्हें अधिक आत्मविश्वासी और साहसी बना दिया। ऑस्कर-नामांकित एनिमेटेड फिल्म के इस लाइव-एक्शन रूपांतरण का निर्देशन थॉमस कैल ने किया है, जबकि फिल्म के निर्माता ड्वेन जॉनसन, डैनी गार्सिया, ब्यू फ्लिन, हीरम गार्सिया और लिन-मैनुअल मिरांडा हैं। लिन-मैनुअल मिरांडा, ओपेटाइया फोआई और मार्क मैनसीना के संगीत से सजी 'मोआना' 10 जुलाई 2026 से पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।