Pal Pal India

सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या

 
सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या

झांसी, 08 मई। कोतवाली थाना क्षेत्र में पॉश कालोनी स्थित अपने घर में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस जैसे ही घर में घुसी, घर के पालतू कुत्ते ने पुलिस पर हमला बोल दिया। हमले में चौकी इंचार्ज चोटिल हो गए। बाद में नगर निगम टीम की मदद से पुलिस घर में दाखिल हो सकी और विधिक कार्रवाई की।

नालंदा ओम गार्डन कालोनी निवासी आनन्द अग्निहोत्री रेलवे में कार्यरत हैं। उनके साथ 25 वर्षीय बेटा कुमार सम्भव भी रहता था। बेटा सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। आनन्द की पत्नी कुछ दिनों से गम्भीर बीमारी से ग्रसित हैं। उन्हीं के इलाज के लिए वह भोपाल गए थे। घर में कुमार अकेला था। बीती शाम पिता ने कुमार को फोन किया किंतु फोन नहीं उठा। कई बार फोन करने पर भी जब उत्तर नहीं मिला तो उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया।

पड़ोसी जब घर पहुंचे तो हालात संदिग्ध दिखे। इस पर उन्होंने पुलिस को खबर की। देर शाम चौकी इंचार्ज उन्नावगेट शिवम सिंह मौके पर पहुंचे और गेट से जैसे ही अंदर प्रवेश किये आनन्द अग्निहोत्री के पालतू कुत्ते ने हमला बोल दिया और उन्हें काट लिया। बाद में नगर निगम की टीम बुलाकर कुत्ते को पकड़ा गया, तब पुलिस टीम घर में दाखिल हुई। अंदर कमरे में कुमार का शव पंखे से लटकता मिला। शव उतारकर अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुमार को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। हालांकि आत्महत्या की वजह अब तक पता नहीं चल पाई है। परिवार वालों को सूचना दे दी गयी थी जो देर रात तक झाँसी पहुँच गए थे।