Pal Pal India

गणपति घाट पर टक्कर के बाद तीन वाहनों में लगी आग, दो लोग जिंदा जले

 
गणपति घाट पर टक्कर के बाद तीन वाहनों में लगी आग, दो लोग जिंदा जले

धार, 11 मार्च। मध्यप्रदेश के धार जिले में राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट पर शनिवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। यहां घाट उतर रहे एक ट्राले के ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दो वाहनों को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से आगे घाट चढ़ने वाली लेन पर जा पहुंचा। इसके बाद घाट चढ़ रहे दो वाहनों से टकरा गया। टक्कर के बाद तीनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में दो लोग जिंदा जल गए। जो लोग वाहनों से कूद गए, उनकी जान तो बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

गनीमत रही कि पास से गुजर रही खरगोन से इंदौर जा रही गौर ट्रेवल्स की बस भी हादसे में बाल-बाल बच गई। हादसे के वक्त बस घटनास्थल पर ही किसी कारण से रुक गई। ग्रामीणों ने तुरंत बस में सवार यात्रियों को पहले उतारकर आग से दूर किया। इसके बाद बस को आगे बढ़ाकर निकाला गया। सभी यात्रियों और बस को सुरक्षित निकालकर इंदौर रवाना किया गया। हादसे के बाद से ही घाट पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रशासन ने पहुंचकर पांच फायर बिग्रेड की मदद से करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया। तीन घायलों को टोल एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए धामनोद अस्पताल भेजा गया। वहीं ब्रेक फैल ट्राले में जलकर कंकाल बने दोनों शवों को धामनोद अस्पताल भेजा गया।

हादसे के बाद से ही गणपति घाट पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहनों को मानपुर से ही सगड़ी बगड़ी होते हुए धार की तरफ निकाला गया। गुजरी गांव में से महेश्वर होते हुए जामगेट से इंदौर की तरफ निकाला गया। पुलिस प्रशासन पूरी तरफ से ट्रैफिक व्यवस्था संभालते नजर आया। जाम में फंसे लोग परेशान भी होते रहे, क्रेन की मदद से वाहनों को हटाने का कार्य जारी है।