Pal Pal India

केन्द्रीय कार्यशाला के मुख्य द्वार पर नगर निगम के चालकों ने दिया धरना

 
केन्द्रीय कार्यशाला के मुख्य द्वार पर नगर निगम के चालकों ने दिया धरना
लखनऊ, 23 मई। गोमती नगर थाना क्षेत्र में डीजल चोरी मामले में नगर निगम चालक की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए मंगलवार को केन्द्रीय कार्यशाला के मुख्य द्वार पर नगर निगम के चालकों ने धरना किया। नगर निगम के चालकों के धरना की जानकारी होने पर अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने चालकों को आश्वस्त करते हुए धरना समाप्त कराया।

नगर निगम के चालकों के धरने में शामिल रहे व्यवसायिक ड्राइवर कल्याण समिति उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुनील तिवारी ने कहा कि मैं स्वयं नगर निगम का चालक हूं और यहां एक निर्दोष चालक को छुड़ाने के लिए धरना दे रहा हूं। गोमती नगर पुलिस ने गलत रवैये को अपनाते हुए नगर निगम के चालक अजहर हुसैन को गिरफ्तार किया, जो मौके से मोटरसाइकिल से जा रहा था। उसे उठाकर बंद कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि गोमती नगर थाने की पुलिस ने दो लोगों को डीजल चोरी में गिरफ्तार किया। इसमें जुगुल किशोर जो एक प्राइवेट चालक है। उसके प्राइवेट वाहन से 455 लीटर डीजल पकड़ी गयी है। इस दौरान उधर से मोटरसाइकिल से गुजर रहे अजहर को पुलिसकर्मियों ने रोककर पूछताछ की और गिरफ्तार कर लिया। अपर नगर आयुक्त ने निगम चालक को छुड़वाने का आश्वासन दिया है।

बीते दिनों नगर निगम के कुछ चालकों द्वारा डीजल चोरी करने की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों को मिली थी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर एलआईयू की एक टीम लगायी गया। उसकी रिपोर्ट पर ही गोमती नगर थाने की पुलिस ने घेरेबंदी कर डीजल चोरी में दो लोगों जुगुल किशोर और अजहर हुसैन को गिरफ्तार किया।