Pal Pal India

चतरा में तस्करी का आरोपित गिरफ्तार

 14.835 किलो अफीम और 10.690 किलो डोडा बरामद 
 
चतरा में तस्करी का आरोपित गिरफ्तार 
चतरा, 19 मार्च। सदर पुलिस ने दो जगहों पर छापेमारी अभियान चलाकर तस्करी के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 14.835 किलो अफीम और 10.690 किलो डोडा बरामद किया है।

सदर एसडीपीओ अविनाश कुमार ने रविवार को थाना परिसर में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार तस्कर नावाडीह गांव निवासी राजू कुमार सिंह हैं। उन्होंने बताया कि एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि भुइयांडीह के पास चिलोय जाने वाले रास्ते में सुनसान झोपड़ी में अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी धनंजय राम के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक के डिब्बे में बंद 4.373 किलो अफीम के साथ राजू सिंह को पकड़ा। हालांकि, जंगल झाड़ी का लाभ उठाकर एक तस्कर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार राजू की निशानदेही पर भागे हुए तस्कर मंगर गंझु के कुंदा थाना क्षेत्र के चुरकी सलगी गांव घर में कुंदा पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई। इस दौरान तीन स्टील केन में बंद 10.462 किलो अफीम व 10.690 किलो डोडा जब्त किया गया।

इस संबंध में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फरार तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार किया जायेगा। एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी मनोहर करमाली, पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश कुमार हेंब्रम, सिकंदर सिंकु व जिला बल के कई जवान शामिल थे।