Pal Pal India

गुजरात में कोरोना के नए 58 केस, वडोदरा में संदिग्ध मौत ने बढ़ाई चिंता

अहमदाबाद में कोराना के 30 सक्रिय मामले
 
गुजरात में कोरोना के नए 58 केस, वडोदरा में संदिग्ध मौत ने बढ़ाई चिंता  
अहमदाबाद, 15 मार्च। गुजरात में कोरोना के लक्षण वाले फ्लू का संक्रमण तेजी से फैलना शुरू हो गया है। राज्य में कुछ समय से सर्दी-खांसी और बुखार जैसे लक्षणों के कारण बड़ी संख्या में लोग पीड़ित हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 60 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इनमें से 24 मरीज ठीक हुए हैं।

यह सब देखते हुए राज्य में टीकाकरण की गति भी तेज की गई है, जिसमें 1052 लोगों को टीका लगाया गया है। वडोदरा में एच3एन2 वाइरस से 58 वर्षीय महिला की सयाजी अस्पताल के कोविड आइसोलेशन वार्ड में संदिग्ध मौत के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है। एच3एन2 वाइरस से गुजरात में दूसरा और देश में तीसरा मौत माना जा रहा है। हालांकि वडोदरा की मौत को लेकर प्रशासन ने महिला के ब्लड सैम्पल गांधीनगर जांच के लिए भेजा है।

सयाजी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ रंजन अय्यर ने बताया कि दो दिन पूर्व 58 वर्षीय महिला को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उस महिला की मौत हुई है। महिला को हाइपर टेंशन समेत अन्य कई बीमारी थी। रेपिड टेस्ट पॉजिटिव आने पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके बाद महिला की मौत हो गई। नए वाइरस एच3एन2 से उसकी मौत हुई थी या नहीं, इसकी जांच के लिए ब्लड सैम्पल गांधीनगर भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट तौर पर कहा जाएगा कि महिला की मौत किस वजह से हुई है।

कोरोना के राज्य में 268 केस सक्रिय हैं, जिनमें 5 मरीज वेंटीलेटर पर हैं। वहीं 263 मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है। जब से कोरोना शुरू हुआ, तब से लेकर अब तक 11,047 लोगों की जान गई है। अहमदाबाद में कोरोना के 30 मामले मिले हैं। वहीं 15 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। 119 लोगों को टीका लगाया गया है। भावनगर, राजकोट और वडोदरा में 4-4 मामले सामने आए हैं। अमरेली में 3 केस दर्ज किए गए हैं। मेहसाणा, सूरत में 2-2 और भावनगर, गांधीनगर, गिर सोमनाथ, पोरबंदर, राजकोट और साबरकांठा में 1-1 केस दर्ज किए गए हैं।