Pal Pal India

कई ट्रेनें रद्द, कई लोकल लेट, सियालदह मेन लाइन के यात्री परेशान

 
कई ट्रेनें रद्द, कई लोकल लेट, सियालदह मेन लाइन के यात्री परेशान
कोलकाता, 11 मार्च। सियालदह मेन लाइन के यात्रियों को शनिवार सुबह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नैहट्टी और कल्याणी स्टेशनों के बीच नॉन-इंटरलॉकिंग परिचालन की वजह से कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इस काम के चलते ज्यादातर ट्रेनें लेट चल रही हैं। इसकी वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने शिकायत की कि शुक्रवार रात को भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा था। शनिवार सुबह भी यही हो रहा है। रेलवे ने पहले ही नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों के चलते ट्रेनों को रद्द करने की जानकारी दे दी थी।

यात्रियों के एक वर्ग ने शिकायत की कि लगभग हर ट्रेन 20-25 मिनट की देरी से चल रही है। अलग-अलग स्टेशनों पर ट्रेनें काफी देर तक खड़ी रह रहीं हैं। उसके बाद कई लोकल रद्द कर दी गई हैं। इसके चलते भीड़ अधिक हो रही है। ट्रेनें देरी से चलने के कारण शनिवार सुबह कई यात्री अपने गंतव्य स्थान पर समय पर नहीं पहुंच सके।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने मीडिया में यात्रियों की परेशानी को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि नॉन-इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। हमने माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक के बीच का समय चुना है, ताकि छात्रों को कोई परेशानी न हो। ये दो दिन थोड़े कठिन रहेंगे, लेकिन इसका लाभ भविष्य में मिलेगा। उन्होंने शिकायत पर गौर करने का आश्वासन दिया।