Pal Pal India

धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों की संख्या में कबीरधाम जिला अव्वल

 
धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों की संख्या में कबीरधाम जिला अव्वल
कवर्धा, 15 मई। खरीफ वर्ष 2022 में धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों की संख्या में कबीरधाम जिला अव्वल है। जिले के 10953 किसानों द्वारा 5270.78 हेक्टेयर रकबे में पंजीयन कराया गया था। इन पंजीकृत कृषकों को 101 करोड़ 12 लाख रुपये आदान सहायता राशि के रूप में प्रदान किया जा चुका है।

कलेक्टर जनमेजय महोबे ने रविवार शाम को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में रबी वर्ष 2022-23 की प्रगति एवं खरीफ वर्ष 2023 का कार्यक्रम के निर्धारण, गतवर्ष की जानकारी के संबंध में कृषि एवं समवर्गीय विभागों के विभागीय योजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में उप संचालक कृषि ने बताया कि खरीफ वर्ष 2022 में धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों की संख्या प्रदेश में कवर्धा जिला में सर्वाधिक है। जिले के 10953 किसानों द्वारा 5270.78 हेक्टेयर रकबे में पंजीयन कराया गया था। इन पंजीकृत कृषकों को 101 करोड़ 12 लाख रुपये आदान सहायता राशि के रूप में प्रदान किया जा चुका है। जिले में प्रमुख फसल गन्ना में 5034.00 हेक्टेयर में 10264 ने किसानों ने पंजीयन कराया था। इसी प्रकार कोदो-कुटकी में 52.00 हेक्टेयर में 131 किसान, अरहर में 40.00 हेक्टेयर में 154 किसान, साग-सब्जी में 80.00 हेक्टेयर में 212 एवं अन्य फसल में 64.78 हेक्टेयर में 192 किसानों ने पंजीयन कराया था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में जिले के 02 शासकीय गन्ना कारखानों में 18 हजार 447 किसानों से 3295178.52 मी.टन गन्ना खरीदी कर 79.50 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 40.7243 करोड़ रुपये गन्ना प्रोत्साहन राशि प्रदान किया गया।