Pal Pal India

साइकिल से निकले नगर आयुक्त, खुद की आंखों से देखी सफाई​​​​​​​

नालों की साफ-सफाई व डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का निरीक्षण किया 
 
साइकिल से निकले नगर आयुक्त, खुद की आंखों से देखी सफाई​​​​​​​ 
गोरखपुर, 14 मई। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल रविवार की सुबह साइकिल से निकले और नगर की सफाई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाईकर्मियों से बात भी की। उनकी सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया और हिदायतें दी।

सुबह जब सफाईकर्मी अपने-अपने काम पर थे तो अचानक उनकी आंखों के सामने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल आ धमके। हालांकि उन्हें देखकर सफाई कर्मियों को सहसा विश्वास नहीं हो रहा था। अभी वे कुछ समझ ही पाते की नगर आयुक्त ने उनसे सवालों की झड़ी लगा दी और कार्यों का निरीक्षण शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों से न सिर्फ महानगर की साफ-सफाई व्यवस्था की जानकारी ली, बल्कि नालों की सफाई तथा डोर टू डोर कलेक्शन के कार्य का निरीक्षण भी किया।

माना जा रहा है कि नगर आयुक्त ने यह कदम आने वाली बरसात को ध्यान में रखकर उठाया है। बरसात से पहले जलजमाव की स्थिति उत्पन्न ना हो इसको लेकर वे काफी संजीदा हैं। ज्ञातव्य हो कि नगर आयुक्त ने इसे लेकर मास्टर प्लान भी तैयार किया है। अब नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इतना ही नहीं, जिन क्षेत्रों में जल भराव होता है, उन क्षेत्रों के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में हुए निर्णयों को धरातल पर उतारने को आतुर हैं। निर्णय के मुताबिक बरसात से पहले नालों की तली तक सफाई का कार्य पूरा होना है। बरहाल, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि जनता का सहयोग मिला तो गोरखपुर शहर एक मॉडल सिटी के रूप में दिखाई देगा।

उल्लेखनीय है कि नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की तेज तर्रार कार्य प्रणाली से पूरा जनपद परिचित है। शायद यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर गोरखपुर में इस आईएएस अफसर को नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही श्री सोगरवल लगातार क्षेत्र में बने हैं और स्थली निरीक्षण कर कर्मचारियों और नोडल अधिकारियों के पेंच कसते रहते हैं।