Pal Pal India

करणी सेना के संस्थापक लोकेन्द्र सिंह की अस्थियां गंगा में विसर्जित

 
करणी सेना के संस्थापक लोकेन्द्र सिंह की अस्थियां गंगा में विसर्जित
हरिद्वार, 18 मार्च। राजपूत करणी सेना के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह काल्वी की अस्थि हरिद्वार ब्रह्म कुंड में विधि विधान से विसर्जित की गईं। अस्थि विसर्जन उनके पुत्र प्रताप सिंह काल्वी ने किया।

इससे पूर्व लोकेन्द्र सिंह काल्वी का अस्थि कलश के प्रातः 8 बजे हरिद्वार पहुंचने पर श्रद्धांजलि सभा राजपूत पंचायती धर्मशाला परिसर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने की गई, जिसमें राजस्थान, दिल्ली, उ.प्र., हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड से करणी सेना के कार्यकर्ता और राजपूत समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गौरतलब है कि लोकेन्द्र काल्वी का ब्रेन स्टोक के चलते 14 मार्च को उनके गृह जनपद नागौर ग्राम काल्बी, जयपुर-राजस्थान में निधन को गया था। चन्द्रशेखर सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्याण सिंह काल्वी के पुत्र लोकेन्द्र काल्वी ने 2018 में राष्ट्रीय करणी सेना की स्थापना पद्यमावत फिल्म से जुड़े बिन्दुओं को गलत ढंग से प्रस्तुत करने पर कड़ा विरोध जताया था और राष्ट्रीय करणी सेना का गठन किया था।

राष्ट्रवादी जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष शेर सिंह राणा ने कहा कि लोकेन्द्र सिंह काल्वी सर्व समाज के सिर परस्त थे। उन्होंने समाज को संगठित करने के लिए अनेक आन्दोलन में मुख्य भूमिका निभाई। लोकेन्द्र काल्वी के विरोध के चलते ही फिल्म पद्यमावत के निर्देशक भंसाली को पद्यमावत के दृश्यों पर रोक लगानी पड़ी।

दिल्ली प्रदेश के महामंत्री कुलदीप सिंह ने कहा कि लोकेन्द्र काल्वी अपनी साफ छवि के कारण देश के बडे़ नेताओं में स्थान रखते थे। उत्तराखंड क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह ने उन्हें राजपूत मसीहा एवं सरल सहज व्यक्तित्व का धनी और बेदाग नेता बताया।

प्रदेश महामंत्री डॉ. शिवकुमार चौहान ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि काल्वी के एक इशारे पर लाखों युवा उनके पीछे चल पड़ते थे। उनका व्यक्तित्व सदैव प्रेरक के रूप में युवाओं में विशेष स्थान बनाए रखेगा। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात हरिद्वार ब्रह्म कुंड में अस्थि विसर्जन विद्वान ब्राह्मणों की देखरेख में सम्पन्न हुआ।

श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, महामंत्री डॉ. शिवकुमार चौहान, जिलाध्यक्ष शेखर राणा जिलामंत्री सुशील पुंडीर, हदयेश पुंडीर, मदनपाल सिंह, पीयूष पुंडीर, धीरज राणा, कुलदीप तोमर, महेश राणा, पलटू राणा, मेजर हिमांशु, मोहित चौहान आदि उपस्थित रहे।