Pal Pal India

रिसड़ा में जनता से सीधा संवाद करेंगे भाजपा पार्षद

 
रिसड़ा में जनता से सीधा संवाद करेंगे भाजपा पार्षद
हुगली, 16 मार्च। तृणमूल कांग्रेस के ''दीदी के बोलो'' और ''एक कॉल पर अभिषेक'' की सफलता के बाद, हुगली जिले के रिसड़ा में भाजपा पार्षद मनोज सिंह जनता से सीधा संवाद करेंगे। रिसड़ा नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड के पार्षद मनोज सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम वार्ड संख्या दस में वे वार्ड के लोगों से सीधा संवाद करेंगे। पार्षद के रूप में शपथ लेने के एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

मनोज सिंह ने बताया कि पिछले साल 17 मार्च को मैंने पार्षद पद की शपथ ली थी। मैं तब से अपने वार्ड की समस्याओं को दूर करने के लिए अथक प्रयास कर रहा हूं। अपने वार्ड के लोगों से सुझाव और शिकायतें प्राप्त करने के लिए मैंने कार्यक्रम आयोजित किया है। मैं अपने वार्ड के लोगों से अपील करता हूं कि वे बिना किसी घबराहट या डर के अपनी समस्याओं के साथ आगे आएं।'' इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि वे इस तरह की पहल करने वाले पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा पार्षद हैं।

उल्लेखनीय है कि रिसड़ा स्टेशन के समीप औद्योगिक कचड़े के जलने से उठने वाले धुंए से सबसे ज्यादा समस्या वार्ड संख्या दस में रहने वाले हजारों लोगों को होती है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी न तो नगरपालिका और न ही पुलिस कोई कार्रवाई करती है। बहरहाल, देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा पार्षद इस समस्या के समाधान का क्या रास्ता सुझाते हैं।