Pal Pal India

सवा लाख के इनामी दस्यु केशव गुर्जर पर कसा पुलिस का शिकंजा

 
सवा लाख के इनामी दस्यु केशव गुर्जर पर कसा पुलिस का शिकंजा
धौलपुर , 21 जनवरी। चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं के सफाए के लिए जिला पुलिस ने अब कमर कस ली है। नई साल की शुरुआत से ही पुलिस द्वारा चलाए गए दस्यु उन्मूलन अभियान में कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर सहित करीब एक दर्जन डकैत पुलिस के निशाने पर हैं। करीब सवा लाख के इनामी दस्यु केशव गुर्जर की तलाश में पुलिस की कई टीमों ने बीते कई दिनों से जिले के सेवर पाली में चंबल के बीहड़ क्षेत्र में डेरा डाल रखा है। सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस के इस विशेष अभियान को खुद पुलिस कप्तान लीड कर रहे हैं।

धौलपुर जिले में चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं की टॉप टेन की सूची में कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर पहले पायदान पर है। धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड क्षेत्र के बसई डांग थाना इलाके के गांव शाहपुर निवासी केशव गुर्जर की गिरफ्तारी पर एक लाख 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इनमें आगरा परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार, राजस्थान के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा की ओर से 50 हजार तथा पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन ग्वालियर की ओर से 15 हजार रुपए का इनाम शामिल है। राजस्थान के साथ ही उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश पुलिस दस्यु केशव गुर्जर की तलाश में चंबल के बीहड की खाक छान रही है। लेकिन दस्यु केशव गुर्जर अभी तक पुलिस से बचता फिर रहा है।

कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर के अलावा करीब एक दर्जन अन्य दस्यु सक्रिय हैं। जिला पुलिस की टॉप टेन सूची में दर्ज दस्युओं की सूची के मुताबिक चंबल के बीहड़ में इन दिनों 25 हजार का इनामी दस्यु शीशराम गुर्जर निवासी सायपुरा,8 हजार का इनामी दस्यु दारा सिंह उर्फ दारा सिंह निवासी अतिराज का पुरा, 5 हजार का इनामी दस्यु चंद्रभान उर्फ अट्ठा निवासी धौंधे का पुरा तथा 5 हजार का इनामी दस्यु विनोद उर्फ बंटी पंडित निवासी घंसौला थाना अम्बाह जिला मुरैना मध्यप्रदेश शामिल हैं। यही नहीं पुलिस को 10 हजार के इनामी मेंबर जाट की भी तलाश है। हालांकि इनामी बदमाश मेंबर जाट की लोकेशन बीते काफी समय से ट्रेस नहीं हुई है।

राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की आंखों की किरकिरी बने दस्यु केशव गुर्जर की मूवमेंट बीते दिनों सेवर पाली इलाके में देखी गई थी। जिसके बाद से ही पुलिस ने उस इलाके को घेर कर वहां दस्यु उन्मूलन अभियान चला रखा है। बीते करीब 6 महीने में दस्यु केशव गुर्जर और पुलिस का कई बार आमना-सामना हो चुका है। धौलपुर जिला पुलिस के इस अभियान की सबसे बड़ी खासियत यही है कि पुलिस ने सेवर पाली से जुड़े मध्यप्रदेश के इलाके को पूरी तरह से कट ऑफ कर रखा है। जिससे दस्यु केशव गुर्जर मध्यप्रदेश की ओर ना भाग सके। इसके साथ ही इस विशेष अभियान में पुलिस द्वारा जीपीएस एवं ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं के खात्मे के लिए पुलिस द्वारा पूरी कार्ययोजना बनाकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बीहड़ क्षेत्र में अपना मुखबिर तंत्र विकसित किया है तथा दस्यु गिरोहों से संबंधित सूचनाएं जुटाकर उनके मूवमेंट पर नजर की जा रही है। इस विशेष अभियान में पुलिस ने दस्युओं को शरण देने वाले तथा उनको भोजन एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने वाले कई लोगों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा है। दस्यु उन्मूलन अभियान के लिए पुलिस को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया गया है। बीहड़ में दस्युओं के मूवमेंट की पड़ताल के लिए जीपीएस तथा ड्रोन सिस्टम से निगरानी की जा रही है। पुलिस द्वारा जल्दी ही दस्यु केशव गुर्जर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पंहुचाया जाएगा।