Pal Pal India

डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के 50 से ज्यादा नेता व कार्यकर्तां कांग्रेस में शामिल

 
डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के 50 से ज्यादा नेता व कार्यकर्तां कांग्रेस में शामिल 
जम्मू, 17 जनवरी। गुलाम नबी आजाद द्वारा हाल ही में बनाई गई डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (डीएपी) को झटके पर झटके लगना शुरू हो गए हैं। मंगलवार को भी डीएपी के दो पूर्व नेताओं सहित लगभग 58 कार्यकर्तां कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में से विधान परिषद के पूर्व सदस्य निजामुद्दीन खटाना व उनके बेटे शामिल हैं। यही नहीं गुज्जर और बकरवाल कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष गुलजार अहमद खटाना और अन्य पार्टी नेताओं का कांग्रेस की जेके प्रभारी रजनी पाटिल और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने पार्टी में स्वागत किया।

इस कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्री पीरजादा मोहम्मद सईद और पूर्व विधायक बलवान सिंह भी मौजूद थे। बता दें कि यह नेता भी आजाद के नेतृत्व वाली पार्टी को छोड़कर इस महीने की शुरुआत में कांग्रेस में लौट आए थे।

वानी ने कहा कि आज के 60 कार्यकर्ताओं को मिलाकर लगभग 70 से 80 प्रतिशत कार्यकर्ता डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी में चले गए थे, वह सभी कांग्रेस के पाले में लौट आए हैं। वानी ने बताया कि डीएपी के महासचिव खटाना और उनके बेटे ने 10 जनवरी को डीएपी से इस्तीफा दे दिया था। वह आज वापस कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।