Pal Pal India

जामा मस्जिद में लड़कियों के प्रवेश पर प्रतिबंध हटा

 
जामा मस्जिद में लड़कियों के प्रवेश पर प्रतिबंध हटा

नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य जिले के जामा मस्जिद में अकेली लड़कियों के प्रवेश पर प्रतिबंध के मामले में विवाद बढ़ता जा रहा है। सूत्रों की माने तो उक्त मामले में दिल्ली उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना ने जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी से बात की। साथ ही उन्होंने लड़कियों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने वाले आदेश को रद्द करने लिए कहा। देर रात गेट संख्या तीन से बोर्ड हटा लिया गया है। बताया जा रहा है कि इमाम बुखारी ने एलजी की बात पर सहमति जताई है। साथ में मस्जिद की पवित्रता का सम्मान बनाए रखने का अनुरोध भी किया है। उल्लेखनीय यह है कि जामा मस्जिद के प्रशासन ने मुख्य द्वारों पर नोटिस लगाकर मस्जिद में लड़कियों के अकेले या समूह में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इस फैसले पर विवाद शुरू होने के बाद शाही इमाम ने कहा कि यह आदेश नमाज पढ़ने आने वाली लड़कियों के लिए नहीं है। महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस फैसले को प्रतिगामी तथा अस्वीकार्य बताया। वहीं डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इसे महिलाओं के अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए नोटिस जारी किया था।