Pal Pal India

प्रश्न पत्र लीक मामले में 27 लोग पकड़े गए, मुख्य आरोपित फरार

सामान्य विज्ञान और असमिया प्रश्न पत्र अधजली हालत में बरामद किए गए 
 
प्रश्न पत्र लीक मामले में 27 लोग पकड़े गए, मुख्य आरोपित फरार 
गुवाहाटी, 17 मार्च। असम में हाई स्कूल के विज्ञान विषय के प्रश्न पत्र लीक मामले में अभी तक 27 लोगों को पकड़ा गया है, जिसमें 13 नाबालिग हैं। मुख्य आरोपित कुमुद राजखोवा अभी भी फरार है।

असम पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने शुक्रवार को इस मामले में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 12 तारीख को सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की। सबसे पहले हमें ऊपरी असम के 4 से 5 जिलों में प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी मिली। सीआईडी में 13 तारीख को यह मामला दर्ज किया था। पुलिस को दिसपुर थाने में प्रश्नपत्र गायब होने की सूचना मिली। केंद्र प्रभारी सहित उनके साथ आए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि पहले 24 घंटे में मिली सूचना के अनुसार 14 छात्रों और अन्य को प्रश्नपत्र मिला था। प्रश्न पत्र वितरित करने और स्वीकार करने वाले 22 लोगों को पकड़ा किया गया है। महानिदेशक ने कहा कि धेमाजी, लखीमपुर, माजुली, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया के एसपी से चर्चा की गई। जांच की कड़ी में पुष्टि हुई कि कुमुद राजखोवा नामक शिक्षक ने प्रश्नपत्र लीक किया है। प्रसन्न दास और प्रणव दत्ता उसके सहयोगी थे।

जीपी सिंह ने कहा कि प्रणब दत्त ने कुमुद राजखोवा को 5,000 रुपये में प्रश्नपत्र दिया था। पूछताछ के दौरान प्रणब दत्ता ने असमिया प्रश्न पत्र राजखोवा को दिया था। प्रश्न पत्र लीक होने की जांच शुरू होने की जानकारी मिलने पर राजखोवा ने असमिया प्रश्न पत्र जला दिया था। राजखोवा ने इस बात का खुलासा पूछताछ के दौरान किया है। पुलिस ने असमिया प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को दी। पुलिस ने राजखोवा के किराए के मकान परिसर से सामान्य विज्ञान और असमिया प्रश्न पत्र अधजली हालत में बरामद किए।

डीजीपी ने कहा कि सेबा के सभी केंद्रों पर प्रश्न पत्र भेजता है और प्रश्न पत्र पुलिस स्टेशनों में रखे जाते हैं। सेबा ने 29 सेट भेजे गए थे, लेकिन प्रणव दत्त ने केवल 28 सेट मिलने की बात रजिस्टर में दर्ज की। प्रश्न पत्र प्राप्त करने के बाद कुमुद राजखोवा ने अपने स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर सर्कुलेट किया था। उसके बाद कुछ लोगों को ऑनलाइन पैसे लेकर प्रश्न पत्र दिए गए। पुलिस ने सभी ऑनलाइन पेमेंट ऐप से जानकारी मांगी है। जीपी सिंह ने यह भी कहा कि नाबालिग छात्रों को पकड़ा नहीं गया होता, तो प्रश्न पत्र लीक की श्रृंखला सामने नहीं आती।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि 27 लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें से 13 नाबालिग हैं। चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ समय पर आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। मुख्य आरोपित कुमुद राजखोवा फरार है।