Pal Pal India

हुतात्माओं की शांति के लिए ऋषिकेश से 1008 कलश जम्मू कश्मीर जाएंगे

कलश यात्रा ऋषिकेश से 13 जून को होगी प्रारंभ : महंत गोपाल गिरी 
 
हुतात्माओं की शांति के लिए ऋषिकेश से 1008 कलश जम्मू कश्मीर जाएंगे​​​​​​​ 
ऋषिकेश, 20 मई। श्री पंच दशनाम आह्वान अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर एनवायरमेंट अवधूत बाबा अरुण गिरी महाराज के नेतृत्व में वीरगति को प्राप्त सैनिकों सहित आमजन की हुतात्माओं की शांति के लिए ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट से 1008 गंगाजल कलश जम्मू कश्मीर के श्रीनगर स्थित आदि गुरु शंकराचार्य टेकरी ले जाए जाएंगे।

मोक्ष मनोकामना यज्ञ पर्यावरण यात्रा के दौरान 3 जुलाई को रुद्राभिषेक के बाद शिवलिंग पर हजारों की संख्या साधु जलाभिषेक करेंगे। यह जानकारी षड दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत गोपाल गिरी ने दी।

महंत गोपाल गिरी ने बताया कि आगामी 3 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रीनगर जम्मू कश्मीर में पाक सेना से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त सैनिकों और आमजन की हुतात्माओं की शांति के लिए आयोजित उत्तराखंड की देव भूमि ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट से इस यात्रा का शुभारंभ आगामी 13 जून को किया जाएगा, जिसका समापन 3 जुलाई को नाग पंचमी के अवसर पर शिवलिंग पर जलाभिषेक के बाद किया जाएगा। इससे पूर्व 22 मई को त्रिवेणी मंदिर पर रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय मंत्र से जल कलश को अभिमंत्रित वैदिक विद्वानों द्वारा किया जायेगा।

इसके बाद यह मोक्ष मनोकामना यज्ञ पर्यावरण यात्रा जम्मू कश्मीर के लिए रवाना होगी। इस दौरान जम्मू कश्मीर तक पर्यावरण को सुरक्षित करने के लिए सवा लाख फलदार पेड़ों का रोपण भी किया जाएगा। महंत गोपाल ने बताया कि इस दौरान देव भूमि उत्तराखंड की प्रत्येक 70 विधानसभाओं में ग्यारह-ग्यारह सौ फलदार वृक्ष भी लगाए जाएंगे, जिससे जंगली जानवरों द्वारा मानव पर किए जा रहे हमले तो रुकेंगें ही। साथ ही पर्यावरण भी नियंत्रित होगा।