Pal Pal India

राजस्थान कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष डूडी को ब्रेन हेमरेज

मुख्यमंत्री कुशलक्षेम पूछने पहुंचे 
 
राजस्थान कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष डूडी को ब्रेन हेमरेज
जयपुर, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को मानसरोवर स्थित मंगलम प्लस मेडिसिटी अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती राजस्थान एग्रो इंडस्ट्रीज डवलपमेंट बोर्ड अध्यक्ष रामेश्वर डूडी की कुशलक्षेम पूछी। गहलोत ने चिकित्सकों और परिजनों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेकर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की।

राजस्थान कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी (60) को ब्रेन हेमरेज हुआ है। उन्हें जयपुर के मानसरोवर स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रामेश्वर डूडी से मिलने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर्स और डूडी के परिजनों से भी उनकी सेहत की जानकारी ली। रामेश्वर डूडी के ब्रेन की मिडलाइन में 17 एमएम का डैमेज हुआ है। ऐसे में अब ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें एसएमएस हॉस्पिटल ले जाया जाएगा। डूडी के परिजनों ने बताया कि सुबह नौ बजे वे घर पर अचेत होकर गिर गए थे। इसके बाद उन्हें मानसरोवर के मंगलम हॉस्पिटल में लाया गया। मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद राजस्थान के टॉप डॉक्टर्स की टीम को जयपुर के मंगलम प्लस मेडिसिटी हॉस्पिटल बुलाया गया है।

सवाई मानसिंह हॉस्पिटल की अधीक्षक डॉ. आंचल शर्मा और न्यूरोसर्जन रश्मि कटारिया मंगलम हॉस्पिटल पहुंचे। फिलहाल डूडी वैंटिलेटर पर हैं। कुछ ही देर में उनकी सर्जरी को लेकर प्लान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि रामेश्वर डूडी को ब्रेन हेमरेज का अटैक आया था। इसके बाद उन्हें नजदीकी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। जहां फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। अब से कुछ ही देर में उन्हें एक्सपर्ट डॉक्टर की देखरेख में सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाएगा। जल्द से जल्द उनकी सर्जरी की जाएगी। फिलहाल डूडी की तबीयत नासाज है।

रामेश्वर डूडी साल 2013 से 18 तक राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। उनकी गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती है। डूडी वर्तमान में राजस्थान कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष हैं। नोखा के बिरमसर गांव में डूडी का पैतृक आवास है। डूडी के बीमार होने की सूचना मिलने पर डूडी समर्थक जयपुर रवाना हुए है। वहीं, नोखा में डूडी के जल्दी स्वस्थ होने के लिए समर्थक प्रार्थना कर रहे। रामेश्वर डूडी नोखा से विधायक, प्रधान, जिला प्रमुख भी रह चुके हैं।