Pal Pal India

नैक्सा एवरग्रीन कंपनी ने पूर्व सैनिक से ठगे पांच लाख

 
नैक्सा एवरग्रीन कंपनी ने पूर्व सैनिक से ठगे पांच लाख

जोधपुर, 11 मार्च। गुजरात की धोलेरो स्थित नैक्सा एवरग्रीन कंपनी संचालकों के खिलाफ एक और केस दर्ज हुआ है। पूर्व सैनिक ने इस बारे में अब कुड़ी थाने में पांच लाख से ज्यादा की ठगी का केस दर्ज करवाया है। कंपनी के खिलाफ जोधपुर कमिश्नरेट में अब लगातार केस दर्ज हो रहे है। बताया जाता है कि कंपनी डेढ़ दो करोड़ लोगों से तकरीबन 20 हजार करोड़ का घपला कर चुकी है। इसमें कई पूर्व सैनिकों के साथ यह घपला हुआ है।

हरिराम आश्रम जसनगर में रहने वाले पूर्व सैनिक गिरधारीराम पुत्र लक्ष्मणराम जाट ने अपने साथ हुई ठगी की रिपोर्ट कुड़ी थाने में दी है। इसमें बताया कि वह अपने एक परिचित पूर्व सैनिक सीकर नीम का थाना निवासी सुरेश कुमार के संपर्क में था। दोनों साथ में काम करते थे। सुरेश कुमार ने नैक्सा एवरग्रीन कंपनी के बारे में बताया था जोकि गुजरात के धोलेरो से संचालित होती है और कंपनी लोगों को निवेश के नाम पर साप्ताहिक मुनाफा देती है। इस पर पूर्व सैनिक गिरधारीराम ने विश्वास कर कं पनी में पहले 4.40 लाख रुपये एचडीएफसी बैंक जयपुर में जमा करवाए।

घटनाक्रम दिसंबर 22 से शुरू हुआ था। बाद में उसे बदले में पहली तीन किस्तों में कंपनी की तरफ से 15 हजार 445 रुपये का मुनाफा भेजा गया। परिवादी की तरफ से अपनी सारी जानकारी कंपनी को भेजी जा चुकी थी। इस पर कं पनी ने बाद में मुनाफा देना बंद कर दिया और उसकी जमा पूंजी को दुरूपयोग कर हड़प कर लिया। अब इसमें सुभाष बिजराणिया, रणवीर बिजराणिया सहित अन्य को नामजद करते हुए मामला दर्ज करवाया गया है।

परिवादी की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी पूरे देश भर से डेढ़ दो करोड़ लोगों से 20 हजार करोड़ रुपये निवेश के नाम पर ठगी कर चुकी है। लोगों के साथ घपला कर धोखाधड़ी की है।