Pal Pal India

सीएम गहलोत का कोटा दौरा रद्द

चंबल हेरिटेज रिवरफ्रंट के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे मुख्यमंत्री  
 
सीएम गहलोत का कोटा दौरा रद्द
जयपुर/कोटा, 12 सितंबर। कोटा को आज रिवर फ्रंट सहित अन्य ऐतिहासिक सौगातें मिलने जा रही है। इन ऐतिहासिक सौगातों के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शामिल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 12 सितंबर का कोटा दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। अब वे आज के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, हालांकि 13 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम यथावत रहेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को मध्य रात्रि ट्वीट करते हुए स्वयं इसकी जानकारी दी।

उन्होंने लिखा कि हमारे वरिष्ठ साथी यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा रिवर फ्रंट के रूप में हाड़ौती को एक ऐतिहासिक सौगात दी है। हाड़ौती क्षेत्र पर्यटन के क्षेत्र में पिछड़ा रहा है परन्तु यह रिवर फ्रंट यहां पर्यटन बढ़ाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा एवं कोटा के विकास की नई इबारत लिखेगा। पिछले कार्यकाल में धारीवाल ने कोटा को सेवन वंडर्स की सौगात दी थी जिस पर अब फिल्मों की शूटिंग तक होती है। 12-13 सितंबर को कोटा के लोकार्पण मेरे द्वारा प्रस्तावित थे जिसका मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा था परन्तु अपरिहार्य कारणों से मैं 12 सितंबर के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाउंगा। 13 सितंबर के कार्यक्रम यथावत रहेंगे। सभी हाड़ौतीवासियों को बधाई।

सीएम और पूरी कैबिनेट दो दोनों दिन होने वाले अलग-अलग आयोजनों में शामिल होने वाले थे। अब चंबल हेरिटेज रिवरफ्रंट का उद्घाटन यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल करेंगे। रिवरफ्रंट पर अलग-अलग जगह पर एक दर्जन से ज्यादा बैंड वादन होगा। कालबेलिया डांस, घूमर, राजस्थानी लोक नृत्य होगा। शाम के समय रिवरफ्रंट पर चंबल माता की आरती भी होगी। चंबल हेरिटेज रिवरफ्रंट और कोटा सिटी पार्क को विश्व के पर्यटन पटल पर पहुंचाने के लिए नगर विकास न्यास ने फिल्म अदाकारा दीपिका पादुकोण और उनके पति रणवीर सिंह से अनुबंध किया है। इसके तहत दोनों प्रचार प्रसार करने के लिए 13 सितंबर को कोटा आएंगे। यहां पर कोटा की जनता के सामने महाराजा उम्मेद सिंह स्टेडियम में होने वाली जनसभा में वह शिरकत करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियां भी देंगे। इस दौरान फिल्मी गीतों पर दीपिका और रणवीर धमाल मचाएंगे। उनके साथ पूरी टीम भी यहां पर पहुंचेगी।