Pal Pal India

बठिंडा में 17 ग्राम हेरोइन के साथ महिला कांस्टेबल गिरफ्तार​​​​​​​

 
 बठिंडा में 17 ग्राम हेरोइन के साथ महिला कांस्टेबल गिरफ्तार​​​​​​​
 चंडीगढ़, 3 अप्रैल  पंजाब के बठिंडा में एक महिला कांस्टेबल को हेरोइन तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। महिला कांस्टेबल के पास से 17 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। गिरफ्तारी के समय महिला कांस्टेबल वर्दी में थी। वह वर्दी की आड़ में हेरोइन सप्लाई का काम कर रही थी।
पंजाब पुलिस के आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बुधवार की देर शाम बठिंडा पुलिस ने महिला कांस्टेबल अमनदीप कौर को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला कांस्टेबल को मानसा जिला का नंबर अलाट है और वह बठिंडा में ड्यूटी कर रही थी। महिला कांस्टेबल की गिरफ्तारी के बाद एसएसपी मानसा ने आर्टिकल 311 के तहत कार्रवाई करते हुए आज उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। एक टीम का गठन करके महिला कांस्टेबल की हर तरह की संपत्ति की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। किसी प्रकार की अगर कोई अवैध संपत्ति मिलती है तो उसके विरुद्ध वही कार्रवाई की जाएगी जो नशा तस्करों के विरुद्ध की जाती है। एसएसपी बठिंडा को निर्देश दिए गए हैं कि वह महिला कांस्टेबल के नशा तस्करों के साथ गठबंधन को लेकर पूरी जांच करें। जांच में पता लगाएं कि उक्त महिला कब से यह काम कर रही थी और वह कहां से हेरोइन लेकर कहां-कहां सप्लाई करती थी।
इस बीच बठिंडा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में हेरोइन बेचने वाली कांस्टेबल 'इंस्टा क्वीन' के नाम से मशहूर है। गिरफ्तारी के वक्त वह अपनी थार में हेरोइन सप्लाई करने जा रही थी। उसने फरार होने की भी कोशिश की लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। महिला कांस्टेबल ने बीस दिन पहले ही थार खरीदी थी।