सिद्धू व अश्वनी में हुए जुबानी हमले

चंडीगढ़, 03 अप्रैल। पंजाब में जालंधर के लोकसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस व भाजपा के बीच तेज जुबानी हमले शुरू हो गए। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने जेल से बाहर आते ही भाजपा पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा का हिंदुत्व एजेंडा नहीं चलता, वहां कानून व्यवस्था खराब कर भाजपा राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहती है।
पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू कांग्रेसी इतिहास को ठीक से पढ़ लें, उनका इतिहास देश विरोधी रहा है। यदि लोकतंत्र को किसी ने कुचला है, चाहे इमरजेंसी के रूप में हो, या चुनी हुई सरकारें तोडऩे को धारा-356 लगाने की बात हो, कांग्रेस आगे रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का लोकतंत्र और चुनी सरकारों पर भरोसा है।
इससे पूर्व सिद्धू ने कहा कि भाजपा के पास दिखाने को कुछ नहीं। भाजपा बताए कि पंजाब के लिए क्या किया। जहां अल्पसंख्यक है, हिंदुत्व का एजेंडा चलता नहीं, वहां गुरुओं के नाम पर जीने वाले पंजाब के परिवार को तोड़ा जा रहा है। वोटों के धु्रवीकरण के लिए दहशत फैलाई जा रही है।
दो दिन पहले जेल से आए सिद्धू
ज्ञात हो कि नवजोत सिंह सिद्धू बीती 1 अप्रैल को रोडरेज मामले में एक साल सजा काटने के बाद रिहा हुए हैं। जेल से बाहर आते ही वे अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखे व जोश के साथ विपक्षी पार्टियों पर हमलावर हुए। उन्होंने कहा है कि वे एक बार मरेंगे, रोज-रोज कायर मरते हैं। हालांकि सिद्धू के खिलाफ सिर्फ विपक्षी पार्टियां ही नहीं, बल्कि पंजाब कांग्रेस के नेता भी हैं। उनकी जेल से रिहाई के वक्त कांगे्रस नेताओं ने दूरी बना ली थी।