Pal Pal India

पंजाब में बंद होंगे दो टोल प्लाजा, सरकार ने नहीं बढ़ाई समय सीमा

 
 पंजाब में बंद होंगे दो टोल प्लाजा, सरकार ने नहीं बढ़ाई समय सीमा
चंडीगढ़, 30 मार्च पंजाब सरकार राज्य में दो और टोल प्लाजा बंद करने जा रही है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से अब तक 12 टोल प्लाजा बंद किए जा चुके हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लुधियाना से बरनाला वाया सुधार रायकोट महिल कलां में दो टोल प्लाजा हैं। इनमें एक टोल प्लाजा गांव रकबा के नजदीक मुल्लांपुर व दूसरा गांव महिल कलां के नजदीक है। दोनों एक ही कंपनी हैं।
सीएम ने लिखा है कि कंपनी ने कोविड व किसान आंदोलन का विवरण देकर 448 दिन टोल प्लाजा बढ़ाने की अनुमति मांगी थी। इसे पंजाब सरकार ने नहीं माना है। यह दोनों टोल प्लाजा 2 अप्रैल रात 12 बजे से बंद हो जाएंगे। उन्होंने आखिर में लिखा है इंकलाब जिंदाबाद। सरकार ने अब तक किसी भी कंपनी को समय सीमा बढ़ाने के लिए मंजूरी नहीं दी है। इससे इस रास्ते से आने जाने वाले लोगों को काफी फायदा मिलेगा, क्योंकि अप्रैल से ही नए टोल रेट भी लागू होने वाले थे।