Pal Pal India

मुख्यमंत्री द्वारा पंजाबियों को त्योहारों का तोहफ़ा 4150 करोड़ रुपये की लागत से 19,491 किलोमीटर लिंक सड़कों के निर्माण की शुरुआत

 बाढ़ से हुए नुकसान के लिए किसानों को 20,000 रुपये प्रति एकड़ मिलेंगे
 
 मुख्यमंत्री द्वारा पंजाबियों को त्योहारों का तोहफ़ा 4150 करोड़ रुपये की लागत से 19,491 किलोमीटर लिंक सड़कों के निर्माण की शुरुआत
            तरनतारल, 3 अक्टूबर

त्योहारों के सीज़न में प्रदेश की जनता को बड़ा तोहफ़ा देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 4,150.42 करोड़ रुपये की लागत से राज्य में 19,491.56 किलोमीटर ग्रामीण लिंक सड़कों की मरम्मत और उन्नयन के लिए विशाल प्रोजेक्ट की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने तरनतारन की पवित्र धरती को नमन किया, जिसे पाँचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी, नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी और बाबा बुढ़ा जी के चरण स्पर्श प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, विशेषकर पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए क्योंकि आज से ग्रामीण लिंक सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य आरंभ किया जा रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने एक और ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसके अंतर्गत अब इन लिंक सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ अगले पाँच वर्षों तक ठेकेदारों द्वारा उनकी देखरेख भी सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में कुल 30,237 लिंक सड़कें हैं, जिनकी कुल लंबाई 64,878 किलोमीटर है। इनमें से 33,492 किलोमीटर पंजाब मंडी बोर्ड के अधीन हैं और 31,386 किलोमीटर सड़कें लोक निर्माण विभाग (पी.डब्लयू.डी.) के अधीन हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब 19,491.56 किलोमीटर लंबाई वाली 7,373 लिंक सड़कों की मरम्मत और उन्नयन का प्रोजेक्ट शुरू कर रही है। इस प्रोजेक्ट पर 4,150.42 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें पाँच वर्षों की देखरेख शामिल है। इसमें से 3,424.67 करोड़ रुपये मरम्मत और उन्नयन पर खर्च होंगे और 725.75 करोड़ रुपये पाँच साल की देखभाल पर खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सड़कों की मरम्मत और उन्नयन के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सारा कार्य पारदर्शी ढंग से होगा। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आइ.) सर्वेक्षण करवाया गया था, जिसके परिणामस्वरूप 383.53 करोड़ रुपये की बचत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार ‘‘सड़क बुनियादी ढाँचा विकास बैठक’’ आयोजित की गई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और हरभजन सिंह ई. टी. ओ., विधायक सरवन सिंह धुन और अमनशेर सिंह शेरी कलसी, मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचन्द सिंह बरसट, सचिव मंडी बोर्ड रामवीर व अन्य भी उपस्थित थे।