Pal Pal India

लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद सुशील रिंकू पहुंचे दिल्ली

मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ आप संयोजक केजरीवाल से लिया आशीर्वाद 
 
लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद सुशील रिंकू पहुंचे दिल्ली  

जालंधर, 14 मई। जालंधर लोकसभा उपचुनाव में जोरदार जीत हासिल करने वाले सुशील कुमार रिंकू दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली में वे आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके घर पहुंचे। आप नेता राघव चड्ढा व अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की शादी में शामिल होने गए पंजाब सीएम भगवंत मान से भी रिंकू ने दिल्ली में मुलाकात की।

जालंधर से सांसद चुने गए सुशील रिंकू 11 बजे सीएम पंजाब भगवंत मान के साथ पार्टी सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके घर पर मुलाकात करने के लिए पहुंचे। उपचुनाव में जीत के बाद सुशील रिंकू का यह दिल्ली का भी पहला दौरा है व दोनों मुख्यमंत्रियों से मुलाकात भी पहली है।
संसद में पंजाब की आवाज बनकर गूजेंगे रिंकू

आम आदमी पार्टी सुप्रीमो व दिल्ली के सीएम से मुलाकात करने पहुंचे रिंकू ने पुष्पगुच्छ देकर उनका आभार जताया। इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संसद में अब सुशील रिंकू आप की आवाज़ बनकर पंजाब से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। वे पंजाब की आवाज बनकर लोकसभा में गूजेंगे।