Pal Pal India

पंजाब के होशियारपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक पुलिसकर्मी बलिदान

 
 पंजाब के होशियारपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक पुलिसकर्मी बलिदान
 चंडीगढ़, 17 पंजाब के होशियारपुर में रविवार को CIA स्टाफ और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गैंगस्टर की तरफ की गई फायरिंग में एक गोली सीआईए स्टाफ के मुलाजिम को लग गई। जिससे कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि गैंगस्टर घायल होने के बाद वहां से फरार हो गया।

मृतक मुलाजिम की पहचान सीनियर कॉन्स्टेबल अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। जिसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सूत्रों के मुताबिक होशियारपुर सीआईए स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि मुकेरियां के मंसूरपुर गांव में गैंगस्टर सुखविंदर सिंह उर्फ राणा मंसूरपुरिया हथियारों के साथ छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह ट्रैप लगा दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर जख्मी हुआ
डीएसपी विपन कुमार ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर जख्मी हुआ था। जिसके बाद वह क्राइम सीन पर वेपन फेंक कर फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पूरे एरिया को सील कर दिया गया है। क्राइम सीन के आसपास घरों और खेतों की तलाशी जारी है। क्राइम सीन से पुलिस को करीब 10 चले हुए खोल बरामद हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मुठभेड़ में सीनियर कॉन्स्टेबल को गोली लगी। जिसे इलाज के लिए मुकेरियां के प्रणव अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया है।

पुलिस अलग FIR दर्ज करेगी
डीएसपी ने कहा कि इस केस में अलग से एक एफआईआर दर्ज की जा रही है। जिसमें आईपीसी की धारा 302, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराएं जोड़ी जा रही हैं।

गैंगस्टर पर कई केस दर्ज
जानकारी के अनुसार गैंगस्टर राणा मूल रूप से मुकेरिया के गांव मंसूरपुर का ही रहने वाला है। ये मुठभेड़ मंसूरपुर से सटे गांव महकपुर के पास हुई है। पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर के खिलाफ होशियारपुर में पहले भी हथियार तस्करी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हैं।

पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया
होशियारपुर पुलिस ने गैंगस्टर राणा मनसूरपुरिया पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी सुखविंदर राणा सफेद कुर्ता पजामा पहने हुआ था। पुलिस ने इसे लेकर पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है। हर जिले की पुलिस को आरोपी ने हर एंगल से फोटो भेजे गए हैं। जिसके आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।