Pal Pal India

पंजाब में व्यापारियों के लिए बनेगा बोर्ड:नाभा में अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान, बोले- कोई विधायक भी तंग करेगा तो बख्शेंगे नहीं

 
  पंजाब में व्यापारियों के लिए बनेगा बोर्ड:नाभा में अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान, बोले- कोई विधायक भी तंग करेगा तो बख्शेंगे नहीं
 चण्डीगढ़, 25 मई आम आदमी पार्टी के सुप्रीम अरविंद केजरीवाल व पंजाब सीएम भगवंत मान आज (रविवार को) पटियाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पटियाला में महाराजा अग्रसेन स्मारक का शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने पटियाला स्थित काली माता मंदिर में माथा टेका।

इस मौके अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में इंडस्ट्री को लेकर इतने बड़े ऐलान करने जा रहे हैं कि लोगों ने सोचे भी नहीं होगे। कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार काम कर रही है।कारोबारियों के बाजारों की हालत अच्छी की जा रही है। व्यापारियों के लिए राज्य और जिला स्तर पर बोर्ड बनाया जाएगा।

उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित की जाएगी। सरकार की पालिसी भी बोर्ड के जरिए बदली जा सकती है। केजरीवाल ने कहा कि यदि कोई विधायक या पुलिस अधिकारी तंग करता है, तो बख्शा नहीं जाएगा। व्यापारी खुलकर काम करें। बिना झिझक से ईमानदारी से व्यापार करे। व्यापारियों से अनुरोध है कि अपने ग्राहकों से कभी बेइमानी ना करे।

काली माता मंदिर का होगा कायाकल्प

केजरीवाल ने कहा कि, आज काली माता मंदिर में मां से आशीर्वाद लेने आए हैं। पूरे उत्तर भारत में इस मंदिर की मान्यता है। आज भगवंत मान और मैंने देश और पंजाब की तरक्की के लिए मां के आगे कामना की है। मंदिर का जो सरोवर है, यह सूखा पड़ा है। बताया जा रहा है कि ये सरोवर पिछले 30 साल से सूखा पड़ा है।

अब इस सरोवर को फिर से शुरू किया जाएगा। नई पाइप लाइन डलवाई जाएगी। मंदिर का मुख्य द्वार पिछले 30 साल से बंद हैं, जिसे जल्द शुरू करवाया जाएगा। रोजाना लंगर का इंतजाम करवाया जाएगा। मंदिर की मरम्मत का काम भी होगा। कुछ महीनों में इस मंदिर को भव्य बनाया जाएगा।

मंदिर की दिक्कतें जल्दी ही दूर होगी

इस मौके पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज पटियाला में काली माता मंदिर के प्रबंधकों ने कुछ काम आज हमें बताए हैं। ये वो काम हैं जो पिछली सरकारों ने नहीं किया। मंदिर में सरोवर है जिसमें कई दशकों से पानी नहीं आया। मंदिर के मुख्य द्वार को बंद किया हुआ है। सड़क वाला रास्ता सिर्फ खोला गया है। जो समस्याएं हैं, उनका जल्द समाधान किया जाएगा। मां काली का ये ऐतिहासिक मंदिर है। शनिवार को 1 लाख से अधिक भक्तजन यहां आते हैं। आज हम भी नतमस्तक होने आए हैं।

इससे पहले दोनों नेताओं ने नाभा में महाराजा अग्रसेन स्मारक का उद्घाटन किया। इसके बाद श्री काली माता मंदिर में माथा टेकने पहुंचे।

दिल्ली चुनाव के बाद पंजाब में एक्टिव जानकारी के मुताबिक, दिल्ली चुनाव में मिली हार के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी अपने आधार को मजबूत करने में जुटी हुई है। एक तरफ जहां दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया राज्य में सक्रिय हैं। उन्होंने सभी जिलों का दौरा कर पार्टी के कार्यकर्ताओं से मीटिंग कर फीडबैक लिया है।

वहीं, पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी सक्रिय हैं। नशा मुक्ति यात्रा का शुभारंभ उन्होंने ही पंजाब सीएम भगवंत मान के साथ किया था। इसके बाद लुधियाना और अमृतसर में उनके कार्यक्रम हो चुके हैं।

करप्शन व नशे को लेकर गंभीर

सरकार अब करप्शन और नशे के खिलाफ एक्शन मोड में है। फरवरी के बाद करप्शन और नशे को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। दो दिन पहले जालंधर से अपनी ही पार्टी के विधायक को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जबकि मुक्तसर साहिब के डीसी राजेश त्रिपाठी को सस्पेंड किया गया था।

वहीं, विजिलेंस चीफ को इसलिए पद से हटाया गया कि वह भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई नहीं कर रहे थे। नशों के खिलाफ लगातार मुहिम चल रही है। सरकार जल्दी ही अपना एंटी ड्रोन सिस्टम खरीदने जा रही है।