पंजाब बजट: स्वास्थ्य और शिक्षा पर खर्च बढ़ाने का अनुमान

चंडीगढ़, 10 मार्च। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आज विधानसभा में अपना पहला पूर्ण बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा बजट पैड से पंजाब को सौगात देने के प्रयास में होंगे। आज के सेशन की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बजट के लोकहित वाला होने की आशा व्यक्त की है।
मान सरकार ने विधानसभा में 2022-23 के लिए एक लाख 55 हजार 860 करोड़ के बजट खर्च का अनुमान रखा गया था, जो साल 2021-22 से 14 प्रतिशत अधिक था। लेकिन इस बार वित्तमंत्री चीमा द्वारा इससे अधिक अनुमानित बजट खर्च व चुनाव प्रचार के समय दी गई गारंटी पूरी करने का अंदाजा भी लगाया जा रहा है।
महिलाओं को 1-1 हजार रुपए पर संशय
आम आदमी पार्टी द्वारा चुनाव प्रचार के समय महिलाओं के बैंक खातों में 1-1 हजार रुपए जमा कराने की गारंटी को पहले बजट में पूरा नहीं किया गया था। वहीं इस बजट में भी इस गारंटी के पूरा होने पर संशय बना हुआ है। साथ ही ओल्ड पेंशन स्कीम लागू होने पर भी मोहर लगने का इंतजार है।
राज्य सरकार इस बजट से स्कूल व मेडिकल क्षेत्र सहित औद्योगिक विकास की दिशा में स्पीड पकड़ सकती है। साथ पिछले बजट सत्र की घोषणाओं और जीएसटी वसूली में वृद्धि से राजकीय कोष में जमा धनराशि, स्पोट्र्स पॉलिसी और आधुनिक कृषि के आरक्षित फंड बारे कुछ जरूरी घोषणाओं का भी अनुमान है।
गौरतलब है कि मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पिछले बजट में एक जुलाई 2022 से हर घर को प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा की गई थी। साथ ही किसी प्रकार का नया टैक्स नहीं लगाया गया था।
भगवंत मान ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बजट के संबंध में ट्वीट भी किया है। उन्होंने आज के दिन को ऐतिहासिक बताया। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि साल 2022 में आज ही के दिन पंजाब के लोगों का फतवा चुनाव नतीजों के रूप में उन्हें मिला था। आगे लिखा कि आज हमारी सरकार अपना पहला पूर्ण बजट पेश करने जा रही है। उम्मीद है कि यह बजट लोकहित वाला होगा और रंगले पंजाब की तरफ बढ़ते पंजाब की झलक दिखाई देगी।