Pal Pal India

पंजाब में सांस्कृतिक मेलों में ट्रैक्टर स्टंट पर रोक

गुरदासपुर में युवक की मौत के बाद सीएम भगवंत मान ने किया ऐलान 
 
  पंजाब में सांस्कृतिक मेलों में ट्रैक्टर स्टंट पर रोक
चंडीगढ़, 30 अक्टूबर  पंजाब के गुरदासपुर जिले में मेले के दौरान ट्रैक्टर स्टंट दिखाते हुए नौजवान की मौत का नोटिस लेते हुए पंजाब सरकार ने सांस्कृतिक मेलों के दौरान ट्रैक्टर स्टंट दिखाने पर रोक लगाने का ऐलान किया है।
दो दिन पहले गुरदासपुर में मेले के दौरान स्टंट करते हुए ट्रैक्टर के नीचे आने से सुखमनदीप सिंह की मौत हाे गई थी। जिस समय सुखमनदीप ट्रैक्टर से स्टंट कर रहा था, लोग उसे अपने कैमरे में कैद कर रहे थे। ट्रैक्टर 2 टायरों पर हवा में गोल-गोल घूम रहा है। उसे कोई चला नहीं रहा था, सुखमनदीप उसके पास ही खड़ा है। उसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। सुखमनदीप उसे कंट्रोल करने के लिए उस पर चढ़ने की कोशिश करता है। जैसे ही उसने टायर पर पैर रखकर चढ़ने की कोशिश की, तो उसका दूसरा पैर मिट्टी में फिसल गया। देखते ही देखते वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।
इस बीच सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट करके कहा कि सरकार ने ट्रैक्टर पर स्टंट करने पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। भगवंत मान ने कहा कि पंजाबियों को ट्रैक्टर को खेतों का राजा कहा जाता है, इसे मौत का फरिश्ता मत बनाओ। पंजाब में ट्रैक्टर और संबंधित उपकरणों के साथ किसी भी तरह के स्टंट या खतरनाक प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि किसी प्रकार का कृषि उपकरणों को स्टंट में न इस्तेमाल किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में गाइडलाइन तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।