Pal Pal India

कांग्रेस के 17 विधायकों के खिलाफ चलेगा विशेषाधिकार हनन मामला

 राज्यपाल के अभिभाषण में नारेबाजी का आरोप
 
 कांग्रेस के 17 विधायकों के खिलाफ चलेगा विशेषाधिकार हनन मामला 
चंडीगढ़, 04 मार्च  पंजाब कांग्रेस के 17 विधायकों के खिलाफ विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का मामला चलाया जाएगा। इन सभी विधायकों पर आरोप है कि उन्होंने बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण में व्यवधान डाला है।
पंजाब विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत एक मार्च को की गई थी। परंपरा के अनुसार राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित सदन में अभिभाषण देने के लिए पहुंचे। कांग्रेस ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान आंदोलनकारी किसानों का मुद्दा उठा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस विधायकों द्वारा नारेबाजी किए जाने के कारण राज्यपाल सदन में अपना भाषण नहीं दे पाए।
सोमवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह ने सदन में राज्यपाल के अभिभाषण को बाधित करने वाले कांग्रेस के 17 विधायकों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने का प्रस्ताव रखा। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विरोध करने वालों में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीतने वाले संदीप जाखड़ शामिल नहीं थे।
बलकार सिंह के प्रस्ताव को सदन में बहुमत के साथ पारित कर दिया। अब कांग्रेस विधायकों द्वारा राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नारेबाजी किए जाने का मुद्दा विशेषाधिकार हनन कमेटी को भेज दिया गया।