Pal Pal India

डीएम आत्महत्या के विरोध में विपक्षी दलों ने किया सीएम आवास पर कूच का प्रयास

 
 डीएम आत्महत्या के विरोध में विपक्षी दलों ने किया सीएम आवास पर कूच का प्रयास
 चंडीगढ़, 22 मार्च  पंजाब के अमृतसर में वेयरहाउस के जिला मैनेजर द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद रविवार को राज्य के तमाम विपक्षी दल चंडीगढ़ की सडक़ों पर उतरे। अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच करने का प्रयास किया। सभी कार्यकर्ताओं पर चंडीगढ़ पुलिस ने पानी की बौछारें की और सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
अमृतसर में वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद विपक्षी दल पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पंजाब पुलिस द्वारा बीती रात पूर्व मंत्री भुल्लर, उनके पिता व निजी सचिव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। इधर रंधावा के परिजनों ने गिरफ्तारी नहीं होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार किया है।
रविवार की सुबह शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया तथा एनके शर्मा के नेतृत्व में अकाली दल कार्यकर्ता, भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग तथा नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा अपने अपने दलों के कार्यकर्ताओं के साथ एमएलए हॉस्टल पहुंचे।
यहां सभी दलों ने आम आदमी पार्टी के विरूद्ध घेराबंदी तेज करते हुए पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग की। सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास की तरफ कूच करने का प्रयास किया तो चंडीगढ़ पुलिस ने बैरीकेडिंग पर रोक लिया। इसके बाद हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने वाटर कैनन से भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इसके बाद सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया।
चंडीगढ़ पुलिस सभी नेताओं को सेक्टर तीन के पुलिस थाने में लेकर आई। जहां बिक्रमजीत मजीठिया, प्रताप बाजवा व अन्य नेता धरने पर बैठ गए और पंजाब सरकार के विरूद्ध नारेबाजी की।