Pal Pal India

पंजाब में शादी के बाद पहली दीपावली मनाएंगे कई विधायक व मंत्री

 
  पंजाब में शादी के बाद पहली दीपावली मनाएंगे कई विधायक व मंत्री
चंडीगढ़, 12 नवंबर  पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के सत्ता में आने के बाद से विधायकों के आवास पर लगातार शहनाईयां बज रही हैं। पंजाब में कई विधायक व मंत्री ऐसे हैं जिनकी पिछले एक साल के दौरान शादी हुई है और इस बार उनकी शादी की पहली दीवाली है। जिसके चलते शादी के बंधन में बंधने वाले मंत्री और विधायक अपनी शादी की पहली दीवाली को यादगार बनाने में जुटे हैं।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के फिरोजपुर से विधायक रणवीर सिंह भुल्लर ने इस साल जनवरी माह में संगरूर की रहने वाली अमनदीप कौर के साथ शादी रचाई थी। भुल्लर की शादी के बाद यह पहली दीवाली है।
पंजाब में विधासभा चुनाव के दौरान सबसे कम उम्र की विधायक नरिंदर कौर भराज ने पिछले साल अक्टूबर माह में ही पार्टी कार्यकर्ता मनदीप सिंह लखेवाल के साथ शादी की थी। इस साल पांच सितंबर को भराज ने एक बेटे को जन्म दिया है। भराज की दीपावाली की खुशी कई गुणा बढ़ी हुई है।
बाघा पुराना से आप विधायक अमृतपाल सुखानंद का इसी साल अप्रैल माह के दौरान मुक्तसर साहिब की राजवीर कौर के साथ विवाह हुआ था। इससे पहले जनवरी माह के दौरान फाजिल्का से आप विधायक नरिंदर पाल सावना की शादी भी इसी साल 26 जनवरी को हुई है। इसके बाद 25 मार्च को पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस व आईपीएस ज्योति भी शादी के बंधन में बंधे।
बैंस के बाद पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद राघव चढ्ढा ने फिल्म अभिनेत्री परणीति चोपड़ा के साथ 24 सितंबर को विवाह करवाया। अब हालही में पंजाब में खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर की मेदांता मेडिसिटी गुरुग्राम में बतौर रेडियोलॉजस्टि तैनात डॉ.गुरवीन कौर के साथ शादी हुई है। पंजाब के उक्त सभी विधायक एवं मंत्री इस साल शादी के बाद रविवार को अपनी पहली दीपवली मनाने जा रहे हैं।