Pal Pal India

मान व केजरीवाल ने शहीद अमरीक सिंह के परिवार को दी एक करोड़ की सहायता

 
 मान व केजरीवाल ने शहीद अमरीक सिंह के परिवार को दी एक करोड़ की सहायता
 मोड़ (बठिंडा), 17 दिसंबर  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने ड्यूटी के दौरान बलिदान होने वाले भारतीय फ़ौज के जवान अमरीक सिंह के परिवार को वित्तीय सहायता के तौर पर एक करोड़ रुपये का चैक सौंपा।
शहीद के पिता गुरजंट सिंह को चैक सौंपते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरीक सिंह गांव झंडूके का रहने वाला था और वह झांसी (उत्तर प्रदेश) में तैनाती के दौरान धरती माता की सेवा करते हुए बलिदान हुआ। उन्होंने कहा कि इस जवान की तरफ से देश के लिए दिये गये महान बलिदान के सम्मान के तौर पर परिवार को यह वित्तीय सहायता दी जा रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि समूचा देश इन शहीदों का कर्ज़दार है, जिन्होंने देश और इसके लोगों के ख़ातिर अपनी जानें कुर्बान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का यह विनम्र सा प्रयास देश की एकता, अखंडता और प्रभुसत्ता को बरकरार रखने के लिए धरती मां के इन पुत्रों के कीमती योगदान के सम्मान के तौर पर है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने सैनिकों के महान बलिदान को मान्यता देने के लिए पंजाब सरकार की कोशिशों की सराहना की।
अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार सेवा के दौरान शहीद हुए हथियारबंद बलों के जवानों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दे रही है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के उलट है, जहां शहीद जवानों के परिवारों को एक पैसे की भी आर्थिक सहायता या सम्मान न देकर शर्मसार किया जाता है।