Pal Pal India

पंजाब में 14 महीने में मान सरकार ने तीसरी बार किया मंत्रिमंडल विस्तार

बलकार सिंह, गुरमीत सिंह ने ली कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ, इंद्रबीर निज्जर की छुट्टी 
 
 पंजाब में 14 महीने में मान सरकार ने तीसरी बार किया मंत्रिमंडल विस्तार​​​​​​​ 
चंडीगढ़, 31 मई। पंजाब में 14 माह पुरानी आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने आज तीसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार किया। निकाय मंत्री इंद्रबीर सिंह निज्जर की छुट्टी करने के बाद दो नए मंत्रियों को आज ही राज्यपाल ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के बाद चार जुलाई, 2022 को पहला मंत्रिमंडल विस्तार करके पांच नए चेहरों को शामिल किया था। इसके बाद सात जनवरी, 2023 को एक नए मंत्री को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। अब बुधवार को तीसरे विस्तार में दो नए मंत्रियों को सरकार में शामिल किया गया। पंजाब मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

ताजा मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सदस्यों की संख्या 16 हो गई है। अभी भी मान सरकार में दो मंत्रियों की जगह खाली है। पार्टी लाइन से हटकर बयान देने के बाद विवादों में घिरे निवर्तमान स्थानीय निकाय मंत्री इंद्रबीर सिंह निज्जर ने मंगलवार शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मान ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर राज्यपाल के पास भेज दिया था।

राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने बुधवार को जालंधर जिले से विधायक बलकार सिंह और गुरमीत सिंह खुड्डियां को कैबिनेट मंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। बलकार सिंह पंजाब पुलिस की नौकरी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। गुरमीत सिंह ने विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को हराया था।