एनकांउटर में गैंगस्टर काला धनौला ढेर

पंजाब पुलिस की एंट्री गैंगस्टर टास्क फोर्स ने उस वक्त एनकाउंटर किया, जब वह बरनाला से संगरूर की तरफ जा रहा था। बडबर के पास पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी। गुरमीत सिंह मान उर्फ काला धनौला A-कैटेगरी का गैंगस्टर था।
इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर पुष्पिंदर सिंह गोली लगने से घायल हुए हैं। वहीं एक सब इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह भी जख्मी हुए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैप लगाकर बैठी थी AGTF की टीम
जानकारी के अनुसार AGTF की टीम कई दिनों से धनौला को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाकर बैठी थी। मगर वह हर बार चकमा देकर फरार हो जाता था। रविवार सुबह टीम को सूचना मिली कि गैंगस्टर काला बरनाला के देहात क्षेत्र में मूव हुआ है। सूचना के आधार पर सिविल वर्दी में पहले ही अधिकारी तैनात कर दिए गए थे।
टीम ने जब गैंगस्टर को देखा तो उसे रुकने के लिए कहा। मगर धनौला ने आगे से फायरिंग कर दी। इसके बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें उसकी मौके से मौत हो गई। पुलिस ने क्राइम सीन से आरोपी का वेपन कब्जे में लिया है। जिला पुलिस को भी सारे घटनाक्रम की जानकारी दी गई है।
बरनाला में बड़ी वारदात करने की फिराक में था काला
सूत्रों से पता चला है कि AGTF टीम को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी अपने एंटी चलने वाले गैंग के कुछ लोगों को टारगेट करने वाला है। उक्त सूचना के आधार पर टीमें काला की तलाश कर रही थी। बता दें कि पहले भी काला को पुलिस ने 2 बार एनकाउंटर कर ही पकड़ा था। लेकिन, तब दोनों बार उसकी जान बच गई थी। मगर, इस बार वह गोली लगने के बाद उठ ही नहीं पाया।
AGTF के AIG बोले- पुलिस का ट्रैप देखते ही उसने गोली चलाई
AGTF के AIG संदीप गोयल ने बताया कि गुरमीत सिंह उर्फ काला धनौला के खिलाफ 60 से ज्यादा केस हैं। उसे हत्या के केस में सजा हुई है। जनवरी में बरनाला में इसने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था। बरनाला और संगरूर में इसने काफी दहशत फैलाई हुई थी। टेक्निकल इनपुट और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर घरौंडा के इलाके में इसे ट्रेस किया।
इसके बाद क्रॉस फायरिंग हुई। इसमें एक इंस्पेक्टर पुष्पिंदर सिंह को गोली लगी है। इसके अलावा सब इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से धनौला के 3 साथी भी पकड़े गए हैं। इसका सभी गैंगों से लिंक था।

