पंजाब के आईपीएस अधिकारी के खिलाफ सीबीआई जांच शुरू

चंडीगढ़, 02 फरवरी। सीबीआई ने जालंधर के पुलिस आयुक्त एवं चंडीगढ़ के पूर्व एसएसपी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के तहत जांच शुरू कर दी है। पंजाब कॉडर के आईपीएस कुलदीप चाहल कई माह से विवादों में घिरे हुए हैं। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक के साथ छत्तीस का आंकड़ा होने के कारण चाहल को समय से पहले ही चंडीगढ़ से भेज दिया गया था। कुलदीप चाहल पंजाब कॉडर आईपीएस हैं। उन्हें चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति पर बतौर एसएसपी तैनात किया गया था। चंडीगढ़ में तीन साल का कार्यकाल पूरा होने से 10 महीने पहले ही चहल को रिपेट्रिएट (कैडर वापसी) कर दिया गया था। चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल ने इसके पीछे उनके अनाचरण को कारण बताया गया था। हालही में गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यपाल जब जालंधर में ध्वज फहराने गए तो प्रोटोकॉल के बावजूद कुलदीप चहल उनके कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। प्रशासक बीएल पुरोहित द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही सीबीआई ने यह जांच शुरू की है। पिछले साल 14 दिसंबर को पंजाब के राज्यपाल पुरोहित द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र जारी कर कहा था कि चहल के खिलाफ गंभीर अनाचरण की शिकायत आई थी।