Pal Pal India

पंजाब में रिहायशी कॉलोनी में बम फटा:धमाके से उसे ले जाने वाले के हाथ-पैर उड़े;

 SSP बोले- पाकिस्तान की आतंकी घटना हो सकती है
 
 पंजाब में रिहायशी कॉलोनी में बम फटा:धमाके से उसे ले जाने वाले के हाथ-पैर उड़े;
 चंडीगढ़, 27 मई पंजाब में अमृतसर के मजीठा रोड बाईपास पर रिहायशी कॉलोनी में मंगलवार सुबह बम धमाका हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ और पैर चिथड़े की तरह उड़ गए। उसका पूरा शरीर छलनी था। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो उसकी मौत हो गई।

लोगों का कहना था कि यहां बम फटा है। हालांकि, इस बारे में पुलिस ने पहले कोई पुष्टि नहीं की थी। जबकि, बाद में SSP ने माना कि यह बम धमाका ही था। उन्होंने आतंकी हमले की भी आशंका जताई है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान माहौल खराब करने की साजिश कर रहा है। जो व्यक्ति घायल हुआ था, वह हथियारों की खेप उठाने आया था। इसी दौरान धमाका हो गया और उसके खुद के ही चिथड़े उड़ गए। मौके पर आग भी लगी मिली थी, जिसे लेकर पुलिस का कहना है कि यह आग धमाके से ही लगी होगी।

चौकी इंचार्ज ने पुष्टि नहीं की मौके पर जांच के लिए पहुंचे बल कलां चौकी इंचार्ज जोगिंदर सिंह ने बताया कि घायल व्यक्ति के हाथ-पैर नहीं थे। उसे टीम ने पानी पिलाया गया और अस्पताल पहुंचाया गया। यह बम धमाका है या कुछ और, यह साफ नहीं है। अगर बम धमाका होता तो कुछ सबूत मिलते। फिलहाल, ऐसा कुछ मिला नहीं।

SSP बोले- यह आतंकी घटना हो सकती है जबकि, इस मामले में SSP मनिंदर सिंह ने आशंका जताई है कि यह आतंकी घटना हो सकती है। SSP ने बताया कि पहले भी कई मामले आए हैं, जिनमें हथियारों की कनसाइनमेंट (खेप) अज्ञात जगह पर रखी जाती थी। आतंकी बाद में उसे उठाने जाते थे। शक है कि यह व्यक्ति भी यहां कनसाइनमेंट उठाने आया और धमाका हो गया।

SSP मनिंदर सिंह का कहना है कि पाकिस्तानी एजेंसियां पंजाब का माहौल खराब करने के लिए कार्रवाइयां कर रही हैं। फिलहाल, फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। इसकी हर एंगल से जांच की जा रही है।