Pal Pal India

लुधियाना विधानसभा उपचुनाव में आआपा के संजीव अरोड़ा जीते

 कांग्रेस के आशु को 10 हजार 637 वोटों से हराया
 
 लुधियाना विधानसभा उपचुनाव में आआपा के संजीव अरोड़ा जीते
 चंडीगढ़, 23 जून । पंजाब में लुधियाना पश्चिमी विधानसभा हलके में हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा दस हजार 637 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने इस सीट पर कांग्रेस के भारत भूषण आशु को हराया। भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता तीसरे स्थान
पर रहे हैं। वर्ष 2022 में हुए आम चुनाव में भी लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के गुरप्रीत सिंह बस्सी उर्फ गोगी चुनाव जीते थे। गोगी के निधन के बाद यहां 19 जून को उपुचनाव करवाया गया था।
सोमवार को खालसा कालेज में हुई मतगणना के दौरान सभी 14 राउंड पूरे होने पर आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा को 35 हजार 179 वोट, कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 24 हजार 542 वोट मिले। तीसरे नंबर पर रही भारतीय जनता पार्टी के जीवन गुप्ता को यहां 20 हजार 323 वोट मिले। शिरोमणि अकाली दल के परउपकार सिंह महज 8203 वोट ही मिले।
संजीव अरोड़ा इस समय राज्यसभा के सदस्य हैं। अभी तक उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया था। अब विधायक बनने के बाद वह राज्यसभा से इस्तीफा देंगे। विधायकों की संख्या के बल पर यह तय है कि राज्य सभी रिक्त सीट आप के खाते में जाएगी। आआपा के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा में जाने की अटकलें लग रही हैं।