Pal Pal India

पंजाब में फिर से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

- जालंधर पहुंचे मूसेवाला के पिता ने की राहुल से मुलाकात
 
पंजाब में फिर से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

चंडीगढ़, 15 जनवरी (हि.स.)। करीब दो दिन के अंतराल के बाद रविवार को दोपहर बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में फिर से शुरू हो गई। यात्रा को लेकर अंतिम समय तक कार्यक्रमों में बदलाव किया गया। सांसद के निधन के चलते जालंधर में यात्रा को शांतिपूर्वक ढंग से निकाला गया। यात्रा के दौरान किसी प्रकार का डीजे आदि नहीं बजाया गया। रविवार को यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचे, जहां माथा टेकने के बाद वह यात्रा के लिए रवाना हो गए। मरहूम गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग के साथ जालंधर पहुंचे और उन्होंने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले उन्हें जालंधर में पत्रकार वार्ता करनी थी, लेकिन अब नए कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी होशियारपुर में मीडिया से रूबरू होंगे।

चौधरी संतोख सिंह पंचतत्व में विलीन
जालंधर के कांग्रेसी सांसद स्वर्गीय चौधरी संतोख सिंह रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके पैतृक गांव धालीवाल में अंतिम संस्कार किया गया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया था। रविवार को जालंधर के फुटबॉल चौक से उनकी अंतिम यात्रा रवाना हुई, जो काला संघिया रोड पर पैतृक गांव धालीवाल कादियां पहुंची। यहां राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। बेटे विधायक विक्रमजीत चौधरी ने उन्हें मुखाग्नि दी। चौधरी संतोख सिंह की अंतिम यात्रा में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस बीच राज्यसभा सांसद एवं पद्मश्री संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने भी जालंधर पहुंचकर चौधरी संतोख सिंह को अंतिम विदाई दी।