Pal Pal India

मेरी गर्दन काट दो, मगर आरएसएस दफ्तर नहीं जा सकता: राहुल गांधी

 
मेरी गर्दन काट दो, मगर आरएसएस दफ्तर नहीं जा सकता: राहुल गांधी
होशियारपुर, 17 जनवरी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भाजपा सांसद वरुण गांधी को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे वरुण गांधी को गले लगा सकते हैं, लेकिन उनकी विचारधारा के खिलाफ हैं। राहुल बोले कि वे आरएसएस के दफ्तर नहीं जा सकते हैं। इसके लिए उनकी गर्दन काटनी होगी। राहुल ने यह भी कहा- मेरे परिवार की एक विचारधारा है। वरुण ने दूसरी विचारधारा चुनी। मैं उस विचारधारा को अपना नहीं सकता।
राहुल की सुरक्षा में चूक:
पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में 2 बार चूक हुई। होशियारपुर में पहले तो एक युवक भागते हुए आया और जबरन राहुल के गले लग गया। इसके बाद एक संदिग्ध भी राहुल के काफी करीब पहुंच गया था। युवक जब राहुल के गले लगा तो पंजाब कांग्रेस चीफ राजा वडिंग की मदद से राहुल गांधी ने धक्का देकर उसे दूर हटाया। इसके बाद बस्सी गांव में टी-ब्रेक में जाते समय एक युवक सिर पर केसरी कपड़ा बांधे हुए राहुल के करीब आ गया। यह देख सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। ये दोनों घटनाएं 35 मिनट के भीतर हुईं। यह स्थिति तब है जबकि पंजाब में राहुल गांधी को सबसे ज्यादा सिक्योरिटी दी गई है। यहां वह थ्री लेयर सुरक्षा में चल रहे हैं। जिसमें सबसे बाहर पंजाब पुलिस का घेरा, उसके बाद पंजाब पुलिस व स्टेट सीआईडी की रस्सी के साथ घेरे की सुरक्षा और अंत में राहुल की सिक्योरिटी है। पहले 5 दिन राहुल की यात्रा में कोई ऐसी चूक नहीं हुई। कल शाम को ही उन्होंने सीएम भगवंत मान को अरविंद केजरीवाल के दबाव में न आने की बात कही है। उधर युवक के गले लगने की घटना पर राहुल बोले- मैं उस व्यक्ति को नहीं देख पाया, जो मेरे गले लगने आया था। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप इसे सुरक्षा में चूक क्यों कह रहे हैं। इस यात्रा में बहुत ज्यादा जोश देखने को मिल रहा है। ऐसा होता रहता है। सुरक्षा में लगे लोगों ने उस युवक की जांच की थी। वह केवल उत्साहित था।