निक्की की लाश लेकर 35 किमी घूमता रहा आरोपी

नई दिल्ली/रोहतक, 15 फरवरी। दिल्ली के निक्की यादव मर्डर केस में अब बड़े खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 9 फरवरी की शाम को शादी को लेकर निक्की और साहिल गहलोत का कार में झगड़ा हुआ था। बात इतनी बिगड़ गई कि गुस्साए साहिल ने कश्मीरी गेट स्थित आईएसबीटी पर मोबाइल चार्जर की केबल (तार) से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद 35 किमी दूर मित्रांव गांव पहुंचा। साहिल ने यहां अपने ढाबे के फ्रिज में निक्की का शव छिपा दिया। साहिल निक्की की लाश को ठिकाने लगा पाता, इससे पहले ही किसी ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने 10 फरवरी को ही यहां से लाश बरामद कर ली। घटना के दिन का निक्की का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह साहिल के घर जाती दिख रही है। क्राइम ब्रांच ने साहिल को मंगलवार को अरेस्ट किया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, निक्की का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उसके घर झज्जर ले जाया गया। यहां निक्की का अंतिम संस्कार किया गया। क्राइम ब्रांच सतीश कुमार ने बताया कि साहिल की शादी परिवार ने कहीं और तय कर दी थी। 10 फरवरी को शादी थी। यह बात निक्की को 9 फरवरी को पता चली। इसी दिन दोनों ने गोवा जाने का प्लान बनाया था, लेकिन साहिल ने जाने से इनकार कर दिया। फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
इसके बाद शाम को साहिल ने निक्की को बुलाया और दोनों कार से घूमने निकल गए। दोनों कश्मीरी गेट के पास पहुंचे। यहां फिर से उनका झगड़ा हुआ और गुस्साए साहिल ने कार में ही मोबाइल केबल से निक्की का गला घोंट दिया। आरोपी 5 दिन के रिमांड पर है। पूछताछ जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद साहिल निक्की की लाश को लेकर दिल्ली की सड़कों पर घूमता रहा। फिर वह नजफगढ़ होते हुए अपने गांव मित्रांव पहुंचा। साहिल ने लाश यहां अपने ढाबे के फ्रिज में छुपा दी और घर चला गया। इसके बाद घरवालों के कहने पर 10 फरवरी को दूसरी लड़की से शादी कर ली। साहिल उस वक्त फंस गया, जब किसी ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने साहिल के ढाबे के फ्रिज से निक्की की लाश 10 फरवरी को ही बरामद कर ली थी। साहिल का ढाबा गांव वाले घर से 700 मीटर की दूरी पर है। सूत्रों के मुताबिक शादी के बाद वह लाश को ठिकाने लगाने वाला था, लेकिन 14 फरवरी को पकड़ा गया। 22 साल की निक्की हरियाणा के झज्जर की रहने वाली थी। वहीं, 24 साल का साहिल नजफगढ़ के मित्रांव गांव से है। दोनों 2018 से साउथ दिल्ली के उत्तम नगर में लिव इन में रहते थे।

