Pal Pal India

दिल्ली में बारिश ने सिविक एजेंसियों की खोली पोल

 
 दिल्ली में बारिश ने सिविक एजेंसियों की खोली पोल
नई दिल्ली, 01 मई। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने तमाम सिविक एजेंसियों की पोल खोल कर रख दी। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सीवर व नाले ओवरफ्लो होकर रोड में बह रहे है।

बदरपुर विधानसभा के हरि नगर वार्ड में जैतपुर मेन रोड पर बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई। यहां रोड पर खड़ी गाड़ियां सीवर व नाले के पानी में डूब गई। इसके साथ ही मूसलाधार बारिश के कारण जैतपुर, मिंटो रोड रेलवे ब्रिज, बेरी सराय आईआईटी फ्लाईओवर, भैरों रोड रेलवे ब्रिज, छावला बस स्टैंड, धौला कुआं अंडरपास, द्वारका मेट्रो स्टेशन, जखीरा अंडरपास, जहांगीर अथवा डेरी, लॉरेंस रोड, द्वारका अंडरपास, हनुमान सेतु रेलवे ब्रिज, वजीराबाद अथॉरिटी के सामने, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन, लक्ष्मी नगर अंडरपास, दरियागंज, शांतिवन, नारायणा टी-प्वाइंट, बृजपुरी, खजूरी, भजनपुरा, नंद नगरी, आनंद विहार, जंगपुरा, गोविंदपुरी, मेट्रो स्टेशन, केला घाट जीपीओ, केशव चौक रेलवे ब्रिज, मंगोलपुरी फ्लाईओवर के नीचे, मेहराब नगर, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल 3, मूलचंद अंडरपास आदि जगह जलभराव की शिकायतें सामने आई।

पूरे दिन छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बादल छाए रहेंगे। इतना ही नहीं एक मई से पांच मई तक बारिश होने की संभावना है। एक से तीन मई तक आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। 4 और 5 मई को तापमान 32 से 33 डिग्री के आसपास रहेगा। 6 मई को यह 34 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।