Pal Pal India

दिल्ली सरकार ने शुरू किया 'आई लव यमुना' कैंपेन

 
दिल्ली सरकार ने शुरू किया 'आई लव यमुना' कैंपेन
नई दिल्ली, 17 मई। दिल्ली सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से बुधवार को आईटीओ के निकट छठ घाट ‘आई लव यमुना कैंपेन’ की शुरुआत की है। दिल्ली के पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

‘आई लव यमुना कैंपेन’ कार्यक्रम में दिल्ली स्थित विभिन्न स्कूलों के ईको क्लब से करीबन 1500 बच्चों और शिक्षकों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। यमुना नदी की महत्ता और दिल्ली की प्रदूषण की समस्या के बारे में बच्चों को अवगत कराने के लिए इस कैंपेन का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों ने यमुना नदी की सफाई से सम्बंधित स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया और यमुना नदी की सफाई को लेकर शपथ ग्रहण किये।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ‘आई लव यमुना कैंपेन’ कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण करने के बाद यमुना घाट पर जाकर सफाई अभियान का निरीक्षण किया। उसके बाद उपस्थित बच्चों और अध्यापकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यमुना दिल्ली के लिए एक नदी ही नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के एक बहुत बड़े इकोसिस्टम का सहयोग करती है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली अपनी अधिकतर पानी से संबंधित जरूरतों के लिए यमुना नदी पर निर्भर है। हमारी सरकार हर वह कोशिश कर रही है कि इस पवित्र नदी की गरिमा को बनाए रखा जा सके। आगे उन्होंने बताया कि सरकार समझती है कि यमुना की सफाई और रेस्टोरेशन का काम अलग-अलग प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता है। इसके लिए जरूरत है कि सभी स्टेकहोल्डर्स, लोकल समुदायों और शैक्षिक संस्थान एक साथ मिलकर सरकार का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपने स्तर पर यमुना नदी के कायाकल्प के लिए इस वर्ष के बजट में सात सूत्री कार्य योजना तैयार की है। इसके साथ ही आगामी दिनों में वृक्षारोपण अभियान के जरिये यमुना नदी के किनारे हरित क्षेत्र बढ़ाने का कार्य भी किया जाएगा। यह न केवल यमुना के इकोलॉजिकल बैलेंस के लिए जरूरी है, बल्कि यह नदी की प्राकृतिक सुंदरता बढ़ाने का कार्य भी करेगा।