तीन लाख कांट्रेक्ट कर्मचारियों को दिल्ली सरकार करे पक्का : बिधूड़ी

नई दिल्ली, 10 फरवरी। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा है कि वह दिल्ली सरकार के आधीन विभिन्न विभागों में काम कर रहे तीन लाख कांट्रेक्ट कर्मचारियों को तुरंत पक्का करें। बिधूड़ी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कहा कि एनडीएमसी में 4500 कर्मचारियों को केंद्र सरकार ने पक्का कर दिया है जिस पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया है। बिधूड़ी ने केजरीवाल से पूछा है कि आप दिल्ली सरकार के अधीन काम कर रहे कांट्रेक्ट कर्मचारियों को कब पक्का करेंगे ताकि हम भी आपको धन्यवाद दे सकें। उन्होंने केजरीवाल को याद दिलाया है कि इन कर्मचारियों को पक्का करने का वादा करके आप सत्ता में आए हैं लेकिन अब इन कांट्रेक्ट कर्मचारियों की कोई सुध नहीं ले रहे। यहां तक कि पिछले कई महीनों से कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दिया जा रहा। बिधूड़ी ने कहा कि यह कांट्रेक्ट कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी है और भाजपा इसकी निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि 22 हजार गेस्ट टीचर्स सरकारी स्कूलों में काम कर रहे हैं लेकिन उनका लगातार शोषण किया जा रहा है। कई बार उन्हें नौकरी से हटा दिया जाता है। इसी तरह आंगनवाड़ी वर्कर्स और आशा वर्कर्स की स्थिति यह है कि उन्हें दिल्ली सरकार स्वयं घोषित न्यूनतम वेतन भी नहीं दे रही। जब उन्होंने अपना वेतन बढ़ाने की मांग की तो उन्हें टर्मिनेट कर दिया गया। दिल्ली जल बोर्ड में हजारों कर्मचारी कांट्रेक्ट पर काम कर रहे हैं और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उन्हें खुद पक्का करने का वादा करके सत्ता में आए थे लेकिन आठ साल में एक भी कर्मचारी को पक्का नहीं किया गया। डीटीसी में ड्राइवर और कंडक्टर के रूप में काम करते हुए हजारों कर्मचारियों को वर्षों गुजर गए लेकिन पक्का करने की मांग को लेकर वे अभी तक भटक रहे हैं।

