शराब घोटाले को लेकर दिल्ली भाजपा ने आप कार्यालय पर किया प्रदर्शन

नई दिल्ली, 04 फरवरी। शराब घोटाले से जुड़ी ईडी चार्जशीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम आने के बाद दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आप कार्यालय से कुछ दूरी पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अगुवाई दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा कर रहे थे और उनके साथ भाजपा नेता और एनडीएमसी के सदस्य कुलजीत चहल मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। इस दौरान भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को फांद कर दूसरी तरफ आए और शराब नीति में हुए घोटाले को लेकर दिल्ली मुख्यमंत्री को उनके पद से इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान वह आप के दिल्ली कार्यालय जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें दिल्ली पुलिस ने डिटेन कर लिया। उनके साथ ही भाजपा के पूर्वाचल मोर्चा के अध्यक्ष कौशल मिश्रा को भी डिटेन किया गया। भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में दीमक की तरह चिपक गए हैं, जो धीरे धीरे दिल्ली को खोखला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के घर में शराब नीति तय की जाती थी और 12 प्रतिशत कमीशन में से 6 प्रतिशत कैसे वापस आए इन पर चर्चा होती थी। ऐसे में इनके सूत्रधार दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया थे। सचदेवा ने आगे कहा कि यह शराब घोटाला इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को नशे में झोंकने का काम किया है और दिल्ली की शराब नीति में सिर्फ केजरीवाल ही नहीं बल्कि इनकी पूरी सरकार शामिल है, इसलिए मुख्यमंत्री को अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल इस्तीफा नहीं देंगे, क्योंकि उनमें नैतिकता नाम की चीज नहीं बची है। उन्होंने कहा कि जब हमारे मदन लाल खुराना पर उनके कार्यकाल के दौरान जब किसी मामले में आरोप लगाए गए थे,तो उन्होंने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दिया था। अब हम यहां से संकल्प ले कि दिल्ली की गली गली में केजरीवाल ने जो शराब नीति में भ्रष्टाचार किया है, उसे जन जन तक पहुंचाए और जब तक हम केजरीवाल को दिल्ली से बाहर नहीं करते तब तक हम दम नहीं लेंगे।
वहीं दिल्ली विधानसभा प्रतिपक्ष नेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता और बदरपुर विधानसभा से विधायक रामवीर सिंह विधूड़ी ने कहा कि भाजपा शुरू से कहती रही है की शराब घोटाले को मुख्यमंत्री केजरीवाल का संरक्षण प्राप्त है और आज ईडी चार्जशीट ने हमारे आरोप की पुष्टी की है।

