पाकिस्तानी अखबारों सेः पंजाब के सीएम को डीनोटिफाई करने की खबर सुर्खियों में छाई

नई दिल्ली, 23 दिसंबर। पाकिस्तान से शुक्रवार को प्रकाशित अधिकांश समाचारपत्रों ने पंजाब सूबे के गवर्नर के जरिए मुख्यमंत्री चौधारी परवेज इलाही को डीनोटिफाई किए जाने की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं। गवर्नर ने राज्य के मंत्रिमंडल को भी भंग कर दिया है। गवर्नर हाउस के जरिए जारी किए गए नोटिफिकेशन में नए मुख्यमंत्री के चुनाव तक परवेज इलाही को काम करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री परवेज इलाही ने गवर्नर के फैसले को गैरकानूनी करार देते हुए उसे रद्द कर दिया है। पीटीआई ने गवर्नर हाउस के बाहर इस फैसले के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। पीटीआई चेयरमैन इमरान खान ने कहा है कि जल्द चुनाव ना कराए गए तो देश हाथ से निकल जाएगा। उनका कहना है कि एक व्यक्ति मुझे मारने, चुनाव लड़ने से रोकने और पार्टी खत्म कराने का फैसला करके बैठा था। मेरी सरकार भी इसने गिराई। चोरों को मान्यता नहीं देना हमारा कुसूर है। अखबारों ने राष्ट्रीय असेंबली के स्पीकर के जरिए पीटीआई के सदस्यों के त्यागपत्र की मंजूरी से पहले प्रत्येक सदस्य से मिलने और उसकी बात सुनने के फैसले की खबरें भी दी हैं। इसके लिए सदस्यों को जल्द ही बुलाया जाएगा। अखबारों ने राजनीतिक अस्थिरता के बीच विदेशी मुद्रा भंडार के कम होने की खबरें देते हुए बताया है कि यह खतरे की घंटी है। 8 दिन में स्टेट बैंक से 6 अरब 70 करोड़ डॉलर कम होकर 6 अरब 11 करोड़ डॉलर रह गया है। अखबारों ने गैस संकट की खबरें देते हुए बताया है कि लकड़ी, कोयला के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अखबारों ने संसद की वित्त समिति की एक रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसमें कहा गया है कि एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी को एंटी मनी लांड्रिंग में डालना सही नहीं है। अखबारों ने विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि तालिबान ने टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) को नहीं रोका तो उससे संबंध खराब हो सकते हैं। उनका कहना है कि तालिबान को आतंकवादियों के खिलाफ मदद की जरूरत हो तो हम उसे देने के लिए तैयार हैं। अखबारों ने बिलावल भुट्टो के बयान के बाद भारत-पाकिस्तान के संबंधों में आई कड़वाहट के बीच पीडीएम अध्यक्ष मौलाना फजलुर्रहमान की भारत यात्रा पर संकट के बादल गहराने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने चीन के जरिए आधिकारिक तौर पर अपना पहला काउंसलेट ईरान में खोले जाने की खबरें दी हैं। अखबारों ने बहावलपुर में स्मगलिंग करके लाए गए भारतीय गुटखे की दुकानों पर बेधड़क बिक्री की खबरें दी हैं। अखबारों ने ईरान के विदेश मंत्री का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा कि सऊदी अरब ईरान से बातचीत जारी रखना चाहता है। सऊदी अरब के एक अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि की है। अखबारों ने रूस के राष्ट्रपति का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि यूक्रेन युद्ध तीसरे देश की पॉलिसियों का नतीजा है। हम इसके लिए बिल्कुल भी जिम्मेदार नहीं हैं। ये सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ के पहले पन्ने पर प्रकाशित की गई हैं। रोजनामा नवाएवक्त ने विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जेहरा बलोच का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत आतंकवादी गतिविधियां रोके और बातचीत के लिए खुशगवार माहौल पैदा करे। उनका कहना है कि पाकिस्तान समेत पूरे क्षेत्र में भारत आतंकवादियों का संरक्षण और आर्थिक मदद करता है। उनका कहना है कि पाकिस्तान ने भारत के जरिए चलाई जाने वाली आतंकवादी गतिविधियों पर एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें पूरा विवरण सबूत के साथ इकट्ठा किया गया है। रोजनामा दुनिया ने हुर्रियत कांफ्रेंस का एक बयान छापा है, जिसमें कहा गया है कि कश्मीर समस्या के हल में देरी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शान्ति के लिए हो रही कोशिशों के बड़े ही भयानक परिणाम सामने आएंगे। संयुक्त राष्ट्र संघ जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकारों के हनन की बिगड़ती हुई स्थिति का नोटिस ले। सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के मुताबिक कश्मीर समस्या के हल के लिए कदम उठाए।

