Pal Pal India

पूर्वी दिल्ली की जनता को मुख्यमंत्री की सौगात, अब हर घर को मिलेगा नल से साफ और स्वच्छ जल

 
 पूर्वी दिल्ली की जनता को मुख्यमंत्री की सौगात, अब हर घर को मिलेगा नल से साफ और स्वच्छ जल

नई दिल्ली, 29 जनवरी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पूर्वी दिल्ली की जनता को नए भूमिगत जलाशय की सौगात दी। अब इस इलाके में हर घर को नल से साफ और स्वच्छ जल मिलेगा। पटपड़गंज के आनंद लोक सोसायटी के पास आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 110 लाख लीटर क्षमता के नवनिर्मित भूमिगत जलाशय एवं बूस्टर पम्पिंग स्टेशन जनता को समर्पित किया। इससे पांडव नगर, मयूर कुंज, प्रताप विहार, पटपड़गंज गांव व चिल्ला गांव समेत आठ कालोनियों और मयूर विहार फेज-1 की 31 सोसायटियों में जलापूर्ति होगी। केजरीवाल ने कहा कि पटपड़गंज और आसपास के इलाके में लोगों को अब पानी की दिक्कत नहीं होगी। 2015 में दिल्ली में 861 एमजीडी पानी का उत्पादन होता था और आज 990 एमजीडी हो रहा है। ‘आप’ की सरकार ने पिछले सात साल में 129 एमजीडी पानी बढ़ाया है। यह बढ़ा पानी यूपी-हरियाणा ने नहीं दिया, बल्कि हमने ट्यूबवेल्स और रैनीवेल्स के जरिए जमीन से निकाल कर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 1997-98 में दिल्ली की 80 लाख आबादी के लिए करीब 800 एमजीडी पानी तय हुआ था। आज दिल्ली की आबादी 2.5 करोड़ होने के बाद भी उतना ही पानी मिल रहा है। अगर केंद्र सरकार पड़ोसी राज्यों से दिल्ली को 1300 एमजीडी पानी दिला दे तो वह 24 घंटे पानी घर-घर पहुंचा देंगे। हम पड़ोसी राज्यों से और पानी लेने की कोशिश करने के साथ ही अपने स्तर पर भी पानी बढ़ाने के लिए भू-जल रिचार्ज करने समेत अन्य प्रयास जारी रखेंगे। वहीं इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पटपड़गंज विधानसभा में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस नए यूजीआर से यह समस्या दूर हो जाएगी। क्षेत्र समय के साथ जनसंख्या और पानी की मांग बढ़ी है। ऐसे में अधिकारियों से बात कर यहां मौजूद जल बोर्ड की जगह पर नए रिजर्वायर के माध्यम से पानी की बढ़ती मांग को पूरा किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों तक पानी पहुंचाने के लिए यहां चार किलोमीटर का एडिशनल पाइप लाइन बिछाया गया है और करीब 18 किलोमीटर की पाइप लाइन गलियों में बिछाई गई है। इस पाइप लाइन से शास्त्री नगर से खोखा पटरी के अंदर सारे कैंप से होते हुए शशि गार्डन और पटपड़गंज गांव को सप्लाई होगी तो पानी का प्रेशर भी ठीक होगा और क्वालिटी भी ठीक होगी। सिसोदिया ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से पटपड़गंज, कोंडली और त्रिलोकपुरी तीनों विधानसभाओं को फायदा होगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व मे दिल्ली जल बोर्ड लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। पिछली सरकारों में 15 सालों में सिर्फ एक यूजीआर बनता था, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार जबसे दिल्ली में आई है, तबसे 7 साल तक कुल 12 यूजीआर बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के कामों को धरातल पर उतरने से रोका जाता हो तब 7 साल में 12 यूजीआर बनाना कोई आसान बात नहीं है। यह हमारी सरकार के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।

यूजीआर और बीपीएस की प्रमुख विशेषताएं

इस भूमिगत जलाशय की क्षमता 110 लाख लीटर की है। इसके मुख्य फीडर की लंबाई 4.1 किलोमीटर है, जबकि पेरिफेरल कीलंबाई 12.90 किलोमीटर है। इस भूमिगत जलाशय और पम्पिंग स्टेशन में सोनिया विहार के अलावा रेली वेल्स और ट्यूबबेल्स से पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसमें कुल छह पम्प लगे हैं। जिसमें 4 पम्प संचालित किए जाएंगे और दो पम्प भविष्य की जरूरतों के लिए स्टैंड बाई में रखे गए हैं। इस भूमिगत जलाशय को बनाने में 1053 लाख रुपए खर्च आया है। जबकि मुख्य फीडर और पेरिफेरल को बनाने में 1148 लाख खर्च आया है। अन्य सभी खर्चों को मिलाकर यूजीआर और बीपीएस को तैयार करने में 3205 लाख रुपए खर्च आया है।

यूजीआर और बीपीएस का इन एरिया को मिलेगा लाभ

इस भूमिगत जलाशय और पम्पिंग स्टेशन के चालू होने से एरिया के एक लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलेगा। इससे पांडव नगर के ई, एफ,पी ब्लॉक, नोएडा बॉर्डर के पास मयूर कुंज, प्रताप विहार, पटपड़गंज गांव, शास्त्री गार्डेन, जवाहर मोहल्ला, चिल्ला गांव, मयूर विहार फेज-1 की कई सोसायटियों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। अभी तक इस एरिया में त्रिलोकपुरी यूजीआर के अलावा सीधे टैपिंग और रेनी वेल्स के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जा रही थी।